कासगंज सड़क हादसा: अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे राजस्थान के एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में राजस्थान के 6 लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 20 अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ये सभी लोग राजस्थान के करौली…
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में राजस्थान के 6 लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 20 अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ये सभी लोग राजस्थान के करौली जिले के रहने वाले थे और एक धार्मिक अनुष्ठान के लिए पिकअप गाड़ी में सवार होकर सोरों जा रहे थे।
यह दर्दनाक घटना सुबह लगभग 4:30 बजे कोतवाली सदर इलाके में मोहनपुरा के पास हुई। शिव इंटर कॉलेज के सामने उनकी पिकअप गाड़ी सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि तीन महिलाओं और तीन पुरुषों समेत छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घायलों में 7 बच्चे भी शामिल
इस हादसे में घायल हुए लगभग 20 लोगों में सात बच्चे, छह महिलाएं और सात पुरुष शामिल हैं। इनमें से नौ लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें कासगंज जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। बाकी घायलों का इलाज कासगंज के जिला अस्पताल में ही चल रहा है।
जांच में जुटी पुलिस
जोरदार टक्कर की आवाज़ सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुँचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें भी पहुँच गईं और क्षतिग्रस्त गाड़ी में फँसे लोगों को निकालकर अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रक शाहजहांपुर से जयपुर की ओर पशुओं का चारा लेकर जा रहा था और संभवतः वह गलत दिशा में चल रहा था। पुलिस इस एंगल से भी जाँच कर रही है कि कहीं पिकअप के ड्राइवर को झपकी तो नहीं आ गई थी। फिलहाल, दोनों वाहनों को ज़ब्त कर मामले की विस्तृत जाँच की जा रही है।
इनपुट: IANS



