हरियाणा: पुलिस स्टेशन के सामने दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग, SUV सवार सात लोग घायल
हरियाणा के दादरी शहर में गुरुवार को एक पुलिस स्टेशन के ठीक सामने दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध गोलीबारी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इस हमले में एक SUV कार में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए…
हरियाणा के दादरी शहर में गुरुवार को एक पुलिस स्टेशन के ठीक सामने दिनदहाड़े हुई अंधाधुंध गोलीबारी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इस हमले में एक SUV कार में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों ने करीब 30 राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद इलाके में भगदड़ मच गई। पुलिस शुरुआती तौर पर इस घटना को गैंगवार से जोड़कर देख रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह हमला इतना अचानक हुआ कि राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल लोग गोलियों से छलनी हो चुकी कार के अंदर दिख रहे हैं।
जांच और घायलों की स्थिति
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीन बदमाश एक बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने पहले स्कॉर्पियो गाड़ी के आगे अपनी बाइक लगाकर उसे रुकने पर मजबूर किया और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर अपनी रिवॉल्वर लहराते हुए पैदल ही मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घायलों की पहचान
गोलीबारी में घायल हुए सभी सात लोगों को पहले चरखी दादरी के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रोहतक के पीजीआई रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान चरखी दादरी के अंकित, हिसार के कीर्तिमान और सनी, भिवानी के सूरज और अंकित, महेंद्रगढ़ के कृष्ण और फतेहगढ़ के अमित के रूप में हुई है। फिलहाल अपराध के पीछे की असली वजह का पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



