बुधवार, 22 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
देश

करीमनगर में डकैती: घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया, लाखों की नकदी और 66 तोला सोना लूटा

तेलंगाना के करीमनगर कस्बे में एक परिवार को बंधक बनाकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, नकाबपोश लुटेरों ने एक घर में घुसकर 66 तोला सोने के आभूषण, 21…

करीमनगर में डकैती: घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया, लाखों की नकदी और 66 तोला सोना लूटा
(फोटो: IANS)

तेलंगाना के करीमनगर कस्बे में एक परिवार को बंधक बनाकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, नकाबपोश लुटेरों ने एक घर में घुसकर 66 तोला सोने के आभूषण, 21 लाख रुपये नकद और 10 तोला चांदी लूट ली। यह घटना मंगलवार रात भगत नगर इलाके में हुई।

विज्ञापन

जानकारी के मुताबिक, करीब आठ लोगों का हथियारबंद गिरोह घर में उस वक्त दाखिल हुआ, जब मकान मालिक अजमत अली पहली मंजिल से नीचे सोने से पहले बत्तियां बंद करने आए थे। लुटेरों ने बुजुर्ग अजमत अली को पकड़कर उनका मुंह टेप से बंद कर दिया और फिर घर के अंदर ले जाकर उनकी पिटाई की।

चाकू और रिवॉल्वर की नोक पर लूट

अपराधियों ने अली की पत्नी और उनकी दो बेटियों के साथ भी मारपीट की। चाकू और रिवॉल्वर दिखाकर उन्होंने परिवार को धमकी दी कि अगर किसी ने शोर मचाया तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद गिरोह ने सभी सदस्यों को बांध दिया और घर में रखे सोने, चांदी और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

भागने से पहले, लुटेरों ने पूरे परिवार को एक कमरे में बंद कर दिया और उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए, ताकि वे पुलिस या किसी और से संपर्क न कर सकें। इतना ही नहीं, गिरोह ने घर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलें भी चोरी कर लीं। पुलिस को अंदेशा है कि अपराधी वेमुलावाड़ा बाईपास के रास्ते फरार हुए हैं।

जांच और पुलिस का अनुमान

पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया है कि लुटेरों ने नकाब पहन रखे थे और वे उत्तर भारतीय लहजे में हिंदी बोल रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जांचकर्ताओं का मानना है कि लुटेरों को घर के मालिक की दिनचर्या और घर में रखी कीमती चीजों के बारे में पहले से जानकारी थी, क्योंकि उन्होंने ऐसे घर को निशाना बनाया जहाँ ज्यादातर बुजुर्ग और महिलाएं ही रहती थीं।

करीमनगर में तीन महीने में दूसरी बड़ी वारदात

करीमनगर में तीन महीने से भी कम समय में यह दूसरी बड़ी लूट की घटना है। इससे पहले 3 मई को, लुटेरों के एक गिरोह ने दिनदहाड़े पीएमजे ज्वैलरी शॉप में गोलीबारी कर 161 तोला सोना और 112 कैरेट के हीरे लूट लिए थे। उस हमले में चार कर्मचारी घायल हो गए थे। बाद में पुलिस जांच में बिहार के कुख्यात सुबोध सिंह गिरोह का हाथ सामने आया था, जिसके कुछ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, सुबोध सिंह ने पूर्णिया जेल में बंद रहते हुए ही उस डकैती की योजना बनाई थी।

इनपुट: IANS

N

News4Social नेशनल डेस्क

News4Social नेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →