जम्मू: प्रतिबंधित 'चाइनीज मांझे' ने ली एक और जान, बाइक सवार रिटायर्ड फौजी की गला कटने से मौत
जम्मू-कश्मीर में जानलेवा साबित हो रहे प्रतिबंधित 'चाइनीज मांझे' ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। जम्मू में बाइक पर घर लौट रहे सेना के एक सेवानिवृत्त नायब सूबेदार की इस धागे से गला कटने के कारण…
जम्मू-कश्मीर में जानलेवा साबित हो रहे प्रतिबंधित 'चाइनीज मांझे' ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। जम्मू में बाइक पर घर लौट रहे सेना के एक सेवानिवृत्त नायब सूबेदार की इस धागे से गला कटने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह दुखद घटना रविवार देर शाम जम्मू के रिंग रोड के पास घटी।
मृतक की पहचान लखविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो आरएसपुरा इलाके के रहने वाले थे। अधिकारियों ने बताया कि सेना से रिटायर होने के बाद वह बारी ब्राह्मणा की एक औद्योगिक इकाई में निजी सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करते थे। रविवार को अपनी ड्यूटी खत्म कर जब वह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी अचानक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए और उनका गला बुरी तरह कट गया।
प्रतिबंध के बावजूद जारी है बिक्री
आसपास मौजूद लोगों ने खून से लथपथ लखविंदर सिंह को फौरन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोट के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। यह घटना प्रशासन के उन दावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है, जिनमें चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की बात कही जाती है। हाल ही में, जम्मू में कई दुकानदारों को इस प्रतिबंधित धागे का अवैध कारोबार करने के आरोप में गिरफ्तार भी किया गया था।
इस मौत के बाद स्थानीय निवासियों में काफी रोष है और वे प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने की मांग कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस ने कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोषियों की पहचान करने और उन्हें सजा दिलाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
इनपुट: IANS



