स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में फिर बम की धमकी, लाल किले के पास सघन तलाशी
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के बीच दिल्ली की सुरक्षा एजेंसियां सोमवार को एक बार फिर हाई अलर्ट पर आ गईं। इस बार दिल्ली के मेयर कार्यालय को एक ईमेल भेजकर 15 अगस्त के दिन लाल किले पर सिलसिलेवार…
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के बीच दिल्ली की सुरक्षा एजेंसियां सोमवार को एक बार फिर हाई अलर्ट पर आ गईं। इस बार दिल्ली के मेयर कार्यालय को एक ईमेल भेजकर 15 अगस्त के दिन लाल किले पर सिलसिलेवार बम धमाकों की धमकी दी गई, जिसके बाद पूरे इलाके में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल मिलते ही मेयर कार्यालय ने तुरंत दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा टीमें फौरन लाल किले पहुंचीं। अधिकारियों ने बताया कि पूरे स्मारक और उसके आसपास के इलाके की गहनता से छानबीन की गई। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, इस धमकी के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है और ईमेल भेजने वाले के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
एक महीने में दूसरी बार झूठी निकली धमकी
यह एक महीने में दूसरा मौका है जब लाल किले को निशाना बनाने वाली धमकी मिली है। इससे पहले 11 जुलाई को भी ऐसी ही एक धमकी दी गई थी, जिसके बाद बड़े पैमाने पर सुरक्षा कार्रवाई हुई थी। उस वक्त भी गहन तलाशी के बाद धमकी को झूठा पाया गया था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पिछली धमकी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को किए गए एक फोन कॉल से जुड़ी थी, जिसकी जानकारी उन्होंने तुरंत दिल्ली पुलिस को दी थी। जांच के बाद उस धमकी में भी कोई सच्चाई नहीं मिली थी।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जारीं
यह धमकी ऐसे समय में आई है जब देश अपने 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। सरकार ने MyGov पोर्टल के माध्यम से 12 अगस्त तक नागरिकों से प्रधानमंत्री के भाषण के लिए अपने विचार और सुझाव भी आमंत्रित किए हैं।
इनपुट: IANS



