पंजाब: ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर बड़ी साज़िश नाकाम की
पंजाब में एक बड़े आतंकी हमले की साज़िश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है। राज्य पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ मिलकर चलाए गए एक संयुक्त अभियान में ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस…
पंजाब में एक बड़े आतंकी हमले की साज़िश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है। राज्य पुलिस ने एक केंद्रीय एजेंसी के साथ मिलकर चलाए गए एक संयुक्त अभियान में ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में दो मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद हुए हैं।
पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने रविवार को इस बड़ी कामयाबी की जानकारी दी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह मॉड्यूल विदेशों में बैठे हैंडलरों द्वारा संचालित 'खालिस्तान कमांडो फोर्स' (KCF) से जुड़ा था। पुलिस ने इस नेटवर्क के दो प्रमुख सदस्यों, दिनेश कुमार (उर्फ सौरव) और मैरी महाजन, को एसबीएस नगर से गिरफ्तार किया है। दोनों एसबीएस नगर जिले के भारो माजरा गांव के रहने वाले हैं।
हथियारों का जखीरा बरामद
पुलिस टीमों को गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार 86-पी हैंड ग्रेनेड, दो मैगजीन के साथ दो 9 एमएम पिस्तौल और 20 कारतूस मिले हैं। डीजीपी यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन दोनों ने यह खेप एसबीएस नगर के बहराम के पास एक जगह से उठाई थी, जिसके निर्देश उन्हें विदेश में बैठे हैंडलरों से मिले थे।
क्या थी साज़िश?
गिरफ्तार किए गए लोगों को इलाके के किसी सुरक्षा प्रतिष्ठान या भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान पर हमला करने का काम सौंपा गया था। इस साज़िश का मुख्य उद्देश्य राज्य में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को भंग करना था। डीजीपी ने कहा कि पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस की संयुक्त टीमों ने तुरंत कार्रवाई की और बहराम-फगवाड़ा रोड पर चक्क माई दास गेट गांव के पास से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। उन्होंने कहा कि इस समन्वित कार्रवाई से न केवल हमले की साजिश नाकाम हुई, बल्कि कई लोगों की जान भी बच गई। इस संबंध में अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (SSOC) पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
इनपुट: IANS



