पश्चिम बंगाल: अंडाल की कोयला खदान में भरा पानी, दो कर्मी घायल, आसपास के इलाकों में दहशत
पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अंडाल स्थित सिदुली कोलियरी की एक कोयला खदान में अचानक पानी भर गया। इस घटना के बाद खदान में काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी फैल गई और…
पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अंडाल स्थित सिदुली कोलियरी की एक कोयला खदान में अचानक पानी भर गया। इस घटना के बाद खदान में काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी फैल गई और दो कर्मचारी घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी कर्मचारियों को एहतियातन खदान से बाहर निकाल लिया।
घायल हुए दोनों कर्मचारियों को इलाज के लिए एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों ने बताया कि खदान में अचानक जमीन के नीचे किसी अज्ञात स्रोत से पानी का तेज बहाव शुरू हो गया था, जिससे कर्मचारी घबरा गए। गनीमत रही कि घटना के समय खदान के भीतर कम संख्या में मजदूर मौजूद थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
आसपास के इलाकों में दहशत और कंपन
इस घटना का असर सिर्फ खदान तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि आसपास के रिहायशी इलाकों में भी दहशत फैल गई। स्थानीय निवासियों ने शिकायत की है कि उन्होंने खदान के पास के कुछ इलाकों में झटके महसूस किए और तेज आवाजें भी सुनीं। इस वजह से कई लोग अपने बच्चों और बुजुर्गों के साथ घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए।
प्रशासन ने शुरू की जांच
ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में इस बात का पता लगाया जा रहा है कि खदान में अचानक पानी भरने और रिहायशी इलाकों में महसूस किए गए कंपन और शोर के बीच क्या कोई संबंध है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ पाएगी।
इनपुट: IANS



