पाकिस्तान: पसंद की शादी करने पर चलती बस में दंपति की गोली मारकर हत्या, ऑनर किलिंग का शक
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में अपनी मर्ज़ी से शादी करने वाले एक दंपति की सरेआम हत्या कर दी गई है, जिसे पुलिस ‘ऑनर किलिंग’ का मामला मान रही है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना सुक्कुर…
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में अपनी मर्ज़ी से शादी करने वाले एक दंपति की सरेआम हत्या कर दी गई है, जिसे पुलिस ‘ऑनर किलिंग’ का मामला मान रही है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना सुक्कुर ज़िले में नेशनल हाईवे पर एक यात्री बस के अंदर हुई, जहाँ हमलावरों ने पति-पत्नी पर गोलियाँ चला दीं।
पुलिस के अनुसार, सिदरा समेजो और दीदार शेख नामक यह दंपति कराची की ओर जा रहा था। जब उनकी बस विग गेट के पास पहुँची, तो कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियाँ बरसा दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर भागने की फिराक में थे।
घटना की सूचना मिलते ही बैजी शरीफ़ पुलिस मौके पर पहुँची और दो संदिग्धों को गिरफ़्तार कर लिया। इनकी पहचान अब्दुल मलिक समेजो और अब्दुल हनान समेजो के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्ज़े से एक रिपीटर शॉटगन भी बरामद की है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नज़दीकी अस्पताल भेज दिया गया है और हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई जानने के लिए जाँच जारी है।
महिला ने पहले ही जताई थी जान के ख़तरे की आशंका
इस मामले में एक हलफ़नामे से अहम जानकारी सामने आई है। ‘डॉन’ अख़बार की रिपोर्ट के अनुसार, सिदरा ने 28 सितंबर 2026 को दिए एक हलफ़नामे में बताया था कि उसकी पहली शादी अब्दुल हनान नाम के व्यक्ति से हुई थी, जो उसके साथ दुर्व्यवहार करता था। सिदरा के मुताबिक, उसके पूर्व पति ने 2024 में उसे तीन तलाक़ देकर छोड़ दिया था।
तलाक़ के बाद सिदरा के रिश्तेदार उस पर किसी और से ज़बरदस्ती शादी करने का दबाव बना रहे थे। इसी बीच उसने अप्रैल 2026 में अपनी पसंद से दीदार अली से शादी कर ली। अपने हलफ़नामे में सिदरा ने साफ़ तौर पर अपने पूर्व पति और परिवार के दूसरे सदस्यों से जान का ख़तरा होने की बात कही थी।
पाकिस्तान में लगातार हो रहीं ऐसी घटनाएँ
पसंद की शादी के कारण हत्या का यह कोई पहला मामला नहीं है। हाल ही में 21 सितंबर को कराची के ओरंगी टाउन इलाके में भी ऐसी ही एक घटना हुई थी, जहाँ 18 साल की नवविवाहिता ज़रका बीबी की उसके भाई ने ही कथित तौर पर हत्या कर दी थी। ज़रका ने भी अपनी मर्ज़ी से शादी की थी और तीन हफ़्ते पहले ही अपने पति के साथ रहने गई थी। पुलिस के मुताबिक, परिवार वाले उसे औपचारिक शादी का झाँसा देकर घर वापस लाए और उसके भाई सफीर ख़ान ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
इनपुट: IANS



