बलूचिस्तान: बस और LPG टैंकर की टक्कर में 10 की मौत, सरकार पर लापरवाही के गंभीर आरोप
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में मकरान कोस्टल हाइवे पर एक यात्री बस और एलपीजी टैंकर के बीच हुई भीषण टक्कर में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में मकरान कोस्टल हाइवे पर एक यात्री बस और एलपीजी टैंकर के बीच हुई भीषण टक्कर में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 27 अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा गुरुवार को पसनी और ओरमारा के बीच बासोल के पास हुआ, जिसके बाद दोनों वाहनों में आग लग गई।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, तुर्बत से कराची जा रही बस की टैंकर से टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बचाव दल और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया। 'द बलूचिस्तान पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहनों में कुल कितने लोग सवार थे और दुर्घटना का असल कारण क्या था।
मानवाधिकार संगठनों ने उठाए सवाल
इस दुखद घटना के बाद मानवाधिकार संगठनों ने पाकिस्तानी सरकार की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। 'बलूच यकजेहती कमिटी' (BYC) की सदस्य सम्मी दीन बलूच ने सरकार पर लापरवाही और उदासीनता का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "बलूचिस्तान के खतरनाक राजमार्गों पर लगातार हो रही मौतें सरकार की लापरवाही और जनता की जरूरतों के प्रति उसकी उदासीनता का स्पष्ट उदाहरण हैं।"
सम्मी ने हादसों के लिए खराब ट्रैफिक प्रबंधन, कानूनों का पालन न होना, असुरक्षित यात्रा व्यवस्था और दशकों पुराने सिंगल-लेन राजमार्गों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, "जिस सरकार ने सीपीईसी के नाम पर ग्वादर को अरबों में बेच दिया, वह बलूचिस्तान में राजमार्गों को सिंगल-लेन से डबल-लेन में बदलने जैसे बुनियादी कदम भी नहीं उठा सकी।"
"ये हादसे महज दुर्घटनाएं नहीं"
बलूच नेशनल मूवमेंट (बीएनएम) के चेयरमैन नसीम बलोच ने भी इस घटना पर चिंता जताते हुए इसे 'दिल तोड़ने वाला' बताया। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, "यह दिल तोड़ने वाली बात है कि हमारे अपने राजमार्गों पर सफर करना भी अब जिंदगी और मौत का सवाल बन गया है।" नसीम ने इन घटनाओं को महज दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए कहा कि ये पाकिस्तान द्वारा बलूचिस्तान के लोगों को खत्म करने की कोशिश का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, "बलूचिस्तान के लोग आजादी, सम्मान, सुरक्षा, न्याय और एक सुरक्षित जीवन के हकदार हैं।"
सम्मी दीन बलूच ने भी इसी तरह की भावना व्यक्त करते हुए कहा कि बलूचिस्तान सरकार के विकास के दावे खोखले हैं और ज़मीनी हकीकत यह है कि लोग सुरक्षित सफर जैसी बुनियादी सुविधा से भी वंचित हैं।
इनपुट: IANS



