OpenAI जासूसी कांड: सऊदी इंजीनियर गिरफ्तार, अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा पर चिंताएं बढ़ीं
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया की दिग्गज कंपनी OpenAI के सैन फ्रांसिस्को स्थित दफ्तर में एक सऊदी इंजीनियर को कथित तौर पर गुप्त ऑडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है…
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया की दिग्गज कंपनी OpenAI के सैन फ्रांसिस्को स्थित दफ्तर में एक सऊदी इंजीनियर को कथित तौर पर गुप्त ऑडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना ने वाशिंगटन में राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं, क्योंकि जिस कॉन्फ्रेंस रूम में यह डिवाइस लगाया गया था, उसका इस्तेमाल संवेदनशील तकनीकी और सरकारी चर्चाओं के लिए होता था।
अमेरिकी न्याय विभाग ने बताया कि 35 वर्षीय अब्दुल रहमान अल्फोजान को 9 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया और 13 अक्टूबर को उनकी पहली संघीय अदालत में पेशी हुई। उन पर मौखिक बातचीत को सुनने के लिए इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल करने का आरोप है। दोषी साबित होने पर अल्फोजान को पांच साल तक की कैद और 2,50,000 डॉलर का जुर्माना हो सकता है।
जांच में क्या सामने आया?
यह मामला 30 सितंबर को सामने आया जब कंपनी के कर्मचारियों को एक एग्जीक्यूटिव कॉन्फ्रेंस रूम में टेलीविजन के पीछे लगे यूएसबी पोर्ट में एक छिपा हुआ रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला। जांचकर्ताओं के अनुसार, डिवाइस को टॉयलेट पेपर में लपेटकर छिपाया गया था और इसे करीब 28 सितंबर को लगाया गया था। अभियोजकों ने कहा कि यह कमरा अक्सर तकनीकी विकास, उत्पाद योजनाओं और सरकारी एजेंसियों के साथ संबंधों पर गोपनीय चर्चा के लिए इस्तेमाल किया जाता था।
सर्विलांस फुटेज में अल्फोजान को कई बार उस कॉन्फ्रेंस रूम के पास देखा गया, जबकि उन्हें वहां जाने की इजाजत नहीं थी। जांच टीम ने यह भी पाया कि अल्फोजान के खाते से जुड़े एक चैटबॉट, जो उनकी पत्नी से भी संबंधित था, ने रिकॉर्डिंग उपकरण बनाने, लगाने और छिपाने के तरीकों के बारे में सवाल पूछे थे।
एक और डिवाइस बरामद
मामला यहीं नहीं रुका। 5 अक्टूबर को फुटेज में अल्फोजान कथित तौर पर उसी कॉन्फ्रेंस रूम में घुसकर टेलीविजन के पीछे देखते हुए दिखाई दिया, जहां पहला डिवाइस मिला था। अभियोजकों के अनुसार, उसी दिन OpenAI के सुरक्षाकर्मियों को एक और वैसा ही रिकॉर्डिंग डिवाइस एक बैग के अंदर मिला, जिसे अल्फोजान ने इमारत में कहीं और लावारिस छोड़ दिया था।
राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला
अमेरिकी अधिकारियों ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है। एफबीआई निदेशक काश पटेल ने इसे संवेदनशील अमेरिकी प्रौद्योगिकी की सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया। वहीं, अमेरिकी अटॉर्नी क्रेग मिसाकियन ने कहा, "यह हमारे लिए राष्ट्रीय सुरक्षा का मामला है।" अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस रिकॉर्डिंग से मिली जानकारी किसी विदेशी सरकार को भेजी गई थी या नहीं, लेकिन यह जांच सुपर इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी में अमेरिकी बढ़त को सुरक्षित रखने के प्रयासों का हिस्सा है।
फिलहाल, अल्फोजान हिरासत में हैं और उनकी अगली सुनवाई 19 अक्टूबर को होनी है।
इनपुट: IANS



