बिहार: AK-47 तस्करी मामले में NIA की बड़ी कार्रवाई, आधी रात को पटना हाईकोर्ट के वकील को हाजीपुर से किया गिरफ़्तार
बिहार के वैशाली जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने हथियारों की तस्करी से जुड़े एक बड़े मामले में अहम कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एजेंसी की एक टीम ने हाजीपुर में देर रात एक…
बिहार के वैशाली जिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने हथियारों की तस्करी से जुड़े एक बड़े मामले में अहम कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एजेंसी की एक टीम ने हाजीपुर में देर रात एक ऑपरेशन चलाकर पटना उच्च न्यायालय के एक वकील को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर एके-47 जैसे अत्याधुनिक हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क में शामिल होने का आरोप है।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान संदीप कुमार सिंह उर्फ छोटू लाल के रूप में हुई है, जो हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र स्थित एसडीओ रोड का निवासी है। सूत्रों के मुताबिक, NIA टीम ने उसे रात करीब एक बजे जौहरी बाजार की मुख्य सड़क से उस वक्त पकड़ा, जब वह कथित तौर पर शहर से निकलने के लिए एक गाड़ी का इंतजार कर रहा था। एजेंसी को पहले से ही उसकी गतिविधियों की भनक थी और टीम ने मौके पर घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
पहले भी जांच के दायरे में था आरोपी
यह वकील पहले भी इसी मामले में NIA की जांच के दायरे में आ चुका था। एजेंसी ने इससे पहले भी संदीप के एसडीओ रोड स्थित आवास पर छापेमारी की थी, जिसमें एक अवैध 9 एमएम की पिस्तौल बरामद हुई थी। बताया जा रहा है कि तभी से NIA उस पर लगातार नजर रख रही थी। ऐसा लगता है कि वकील को अपनी गिरफ्तारी की आशंका हो गई थी, जिसके चलते वह देर रात अपने घर से निकलकर भागने की फिराक में था।
पूछताछ और आगे की जांच
NIA की इस कार्रवाई से स्थानीय इलाके में हलचल मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। एजेंसी ने घटनास्थल से एक कार भी जब्त की है, जिसे बाद में स्थानीय नगर पुलिस को सौंप दिया गया। नगर थाने के प्रभारी ने भी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। NIA अब आरोपी संदीप कुमार सिंह से हिरासत में पूछताछ कर रही है ताकि हथियारों की तस्करी के इस पूरे नेटवर्क, इसमें शामिल अन्य लोगों और उनकी भूमिकाओं का पता लगाया जा सके।
इनपुट: IANS



