बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की आशंका, अगले हफ़्ते कोलकाता समेत कई ज़िलों में बारिश और तेज़ हवाओं का अनुमान
बंगाल की खाड़ी में बन रहा एक कम दबाव का क्षेत्र अगले सप्ताह की शुरुआत में चक्रवात का रूप ले सकता है, जिससे कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मौसम बदलने की संभावना है। समाचार एजेंसी IANS की…
बंगाल की खाड़ी में बन रहा एक कम दबाव का क्षेत्र अगले सप्ताह की शुरुआत में चक्रवात का रूप ले सकता है, जिससे कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में मौसम बदलने की संभावना है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मौसमी हलचल के कारण अगले हफ़्ते कई इलाक़ों में बारिश, तेज़ हवाएं और आंधी-तूफ़ान आ सकते हैं, साथ ही पूरे राज्य के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
क्षेत्रीय मौसम केंद्र के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना यह कम दबाव का क्षेत्र शनिवार तक और गहरा हो सकता है। रविवार तक इसके एक 'डीप डिप्रेशन' (गहरे दबाव क्षेत्र) में बदलने की उम्मीद है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जैसे-जैसे यह सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा, यह और मज़बूत होकर सोमवार शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवात में तब्दील हो सकता है। विभाग इस पूरी स्थिति पर लगातार नज़र बनाए हुए है।
दक्षिण बंगाल में बारिश और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल के लिए बारिश और आंधी का पूर्वानुमान जारी किया है। बुधवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्वी मिदनापुर और पश्चिमी मिदनापुर जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद, गुरुवार और शुक्रवार को इसका प्रभाव और बढ़ने की आशंका है।
गुरुवार से कोलकाता, हावड़ा, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्वी और पश्चिमी मिदनापुर तथा झारग्राम में 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। इन जिलों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलने की भी संभावना है। हालांकि, चक्रवात बनने के बाद यह किस दिशा में जाएगा या कहाँ तट से टकराएगा, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।
तापमान में आएगी गिरावट
इस चक्रवाती सिस्टम का असर उत्तर बंगाल पर पड़ने की आशंका नहीं है और वहां मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। हालांकि, अगले दो दिनों में वहां के न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। वहीं, दक्षिण बंगाल में भी तापमान गिरेगा। कोलकाता और आसपास के इलाकों में रात का तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। शनिवार सुबह कोलकाता में न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री ज़्यादा था।
इनपुट: IANS



