दिल्ली एयरपोर्ट पर फिर अजीब घटना, हैदराबाद जा रहे यात्री के हैंड बैग में मिली खोपड़ी
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान एक बार फिर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, CISF के जवानों ने हैदराबाद जा…
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान एक बार फिर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, CISF के जवानों ने हैदराबाद जा रहे एक यात्री के हैंड बैगेज से एक खोपड़ी बरामद की है। यह घटना बुधवार को उस वक्त हुई जब यात्री विमान में सवार होने के लिए सुरक्षा जांच से गुजर रहा था।
CISF कर्मियों को स्कैनर में यात्री के बैग के अंदर एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। जब उस व्यक्ति से इस बारे में पूछताछ की गई, तो उसने दावा किया कि यह एक बंदर की खोपड़ी है।
वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई
चूंकि बरामद वस्तु का संबंध वन्यजीवों से हो सकता है, इसलिए मामले की गंभीरता को देखते हुए यात्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस अब वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत मामले की जांच करेगी।
जब एयरपोर्ट पर मिला था 'मानव कंकाल'
यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली एयरपोर्ट पर इस तरह की कोई अजीब चीज मिली हो। इससे पहले इसी साल 24 जनवरी को टर्मिनल 3 पर उस समय हड़कंप मच गया था, जब एक बक्से में मानव कंकाल जैसी चीज मिली थी।
इस घटना के बाद सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया था और दिल्ली पुलिस समेत कई सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गई थीं। हालांकि, बाद में जांच में पता चला कि वह कोई असली कंकाल नहीं, बल्कि मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई के लिए इस्तेमाल होने वाला एक मॉडल था।
उस समय पुलिस उपायुक्त (हवाई अड्डा) विचित्र वीर ने बताया था कि एक यात्री को वह डिब्बा विमान में ले जाने की अनुमति नहीं मिली थी, जिसके बाद उसने उसे एयरलाइन कर्मचारियों के पास ही छोड़ दिया था। बाद में सफाई कर्मचारियों ने उसे देखकर सुरक्षा अधिकारियों को सूचित किया था। पुलिस ने कहा था कि कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली, लेकिन प्रोटोकॉल के तहत कंकाल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था।
इनपुट: IANS



