बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

नेपाल बाढ़ त्रासदी: भारत ने राहत सामग्री भेजी, जयशंकर ने बचाव कार्यों की समीक्षा की

नेपाल में भोटे कोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ से मची तबाही के बीच भारत ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्यों में मदद भेजी है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को इस मुद्दे को 'सबसे ज्यादा…

नेपाल बाढ़ त्रासदी: भारत ने राहत सामग्री भेजी, जयशंकर ने बचाव कार्यों की समीक्षा की
(फोटो: IANS)

नेपाल में भोटे कोशी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ से मची तबाही के बीच भारत ने बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्यों में मदद भेजी है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को इस मुद्दे को 'सबसे ज्यादा प्राथमिकता' देते हुए काठमांडू और बीजिंग में भारतीय दूतावासों के साथ राहत प्रयासों की समीक्षा की। इस आपदा में अब तक 469 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 290 भारतीयों समेत 977 लोग अब भी लापता हैं।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, शुक्रवार को हुई उच्च-स्तरीय बैठक में विदेश मंत्री जयशंकर के अलावा विदेश सचिव विक्रम मिसरी और विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। बैठक में भारतीय नागरिकों की स्थिति, उनकी सलामती और नेपाल भेजे जाने वाली अतिरिक्त राहत सामग्री पर विस्तार से चर्चा हुई। जयशंकर ने बैठक के बाद कहा, "हम इस मुद्दे को सबसे ज्यादा प्राथमिकता देते हैं।"

भारत की ओर से भेजी गई मदद

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जानकारी दी कि भारत ने दो विमानों के जरिए कुल 47.5 टन राहत सामग्री काठमांडू भेजी है। पहले सी-130जे विमान से 10 टन और बाद में एक सी-17 विमान से 37.5 टन सामान भेजा गया। इस सामग्री में टेंट, कंबल, सोलर लैंप, दवाएं, पानी निकालने वाले पंप, किचन सेट और जेनरेटर जैसी जरूरी चीजें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बचाव कार्यों में तेजी लाने के लिए भारत नेपाल को बेली ब्रिज भी भेज रहा है और भविष्य में और मदद देने पर भी विचार किया जा रहा है।

आपदा का भयावह मंजर

माना जा रहा है कि नेपाल और चीन के बीच बहने वाली भोटे कोशी नदी के ऊपरी हिस्से में हिमस्खलन के कारण यह बाढ़ आई है, जिससे निचले इलाकों में भारी तबाही हुई है। नेपाल की नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (एनडीआरआरएमए) के अनुसार, अलग-अलग जिलों से कुल 469 शव बरामद किए गए हैं। सबसे अधिक 178 शव चितवन जिले से मिले हैं।

सैकड़ों लोग अब भी लापता

इस त्रासदी में 977 लोग अब भी संपर्क से बाहर हैं, जिनमें 517 विदेशी नागरिक शामिल हैं। भारत के 290 नागरिकों के अलावा चीन के करीब 100 और अमेरिका के लगभग 90 नागरिक प्रभावित हुए हैं। लापता लोगों की सूची में विदेशों में रहने वाले 127 नेपाली और नेपाल के सुरक्षा बलों के 86 जवान व सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। आपदा में कम से कम 73 लोगों के घायल होने की भी खबर है।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →