कार्तिगई दीपम: मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम में 6,000 पुलिसकर्मी तैनात, 37 घंटे तक पहाड़ी पर जाने की मनाही
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर मंगलवार को 'कार्तिगई दीपम' प्रज्ज्वलित होने के अवसर पर ज़िला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट…
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर मंगलवार को 'कार्तिगई दीपम' प्रज्ज्वलित होने के अवसर पर ज़िला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, क़ानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे इलाक़े में 6,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और आम लोगों के पहाड़ी पर चढ़ने पर 37 घंटे की रोक लगा दी गई है।
यह प्रतिबंध सोमवार रात 9 बजे से लागू होकर बुधवार सुबह 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान श्रद्धालु दीप स्तंभ के पास जाकर दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम नहीं देख सकेंगे। हालांकि, मदुरै के ज़िला कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि अदालत के निर्देशों का पालन करने के लिए बनाई गई समिति के सदस्यों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है, और वे दीप जलाने के लिए पहाड़ी पर जा सकेंगे।
सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम
सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी निगरानी 12 पुलिस अधीक्षक (एसपी) कर रहे हैं। तैनात किए गए कुल बल में से क़रीब 1,800 पुलिसकर्मी पहाड़ी की तलहटी में नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा, जिस दीप स्तंभ पर 'दीपम' जलाया जाना है, उसके चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है। श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों पर भी विशेष सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं।
प्रशासन ने लागू किए कई अन्य प्रतिबंध
किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए, प्रशासन ने 'भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता' की धारा 163 के तहत पूरे मदुरै ज़िले में लोगों के इकट्ठा होने पर भी रोक लगा दी है। इसके तहत किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन, धरने या सार्वजनिक सभा की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, तिरुपरनकुंद्रम प्रवेश रैंप, पहाड़ी की तलहटी और परिक्रमा मार्ग (गिरिवलम) जैसे कुछ हिस्सों में ड्रोन उड़ाने पर भी पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को पहाड़ी पर दीप प्रज्ज्वलित करने का निर्देश दिया था, जिस पर तमिलनाडु सरकार ने एक समीक्षा याचिका भी दायर की है।
इनपुट: IANS



