नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप, बिहार-बंगाल समेत भारत के कई हिस्सों में महसूस हुए झटके
मंगलवार सुबह पूर्वी नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके भारत के पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों के अलावा पड़ोसी देश चीन, भूटान और बांग्लादेश तक महसूस किए गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
मंगलवार सुबह पूर्वी नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके भारत के पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों के अलावा पड़ोसी देश चीन, भूटान और बांग्लादेश तक महसूस किए गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रांत में लेलेप के पास था। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जान-माल की हानि की कोई खबर नहीं है।
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, यह भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह करीब 7:02 बजे दर्ज किया गया। भारत में बिहार, पश्चिम बंगाल और मेघालय समेत कई इलाकों में लोगों ने धरती हिलती हुई महसूस की। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि हिमालयी क्षेत्र और नेपाल से सटे इलाकों में भी झटकों का असर देखा गया।
भूकंप का केंद्र और गहराई
भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने बताया कि भूकंप का केंद्र 27.855° उत्तरी अक्षांश और 87.909° पूर्वी देशांतर पर था। इसकी गहराई जमीन की सतह से 20 किलोमीटर नीचे आंकी गई है। अधिकारियों ने अभी तक किसी बड़ी क्षति की पुष्टि नहीं की है और प्रभावित क्षेत्रों से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
असम में भी आया एक और भूकंप
इसी बीच, मंगलवार तड़के ही असम के कार्बी आंगलोंग जिले में भी 2.5 तीव्रता का एक हल्का भूकंप दर्ज किया गया। NCS के मुताबिक, यह भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 3:39 बजे आया और इसका केंद्र जमीन से 15 किलोमीटर नीचे था। इस भूकंप से भी किसी तरह के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने कुछ देर के लिए कंपन महसूस किया था।
इनपुट: IANS



