सोमवार, 27 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
शिक्षा

स्किल इंडिया मिशन: 1.11 करोड़ युवाओं को मिला PMKVY सर्टिफिकेशन, जानें कितनों को मिली नौकरी

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'स्किल इंडिया मिशन' के तहत चलाई जा रही प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) के शुरुआती तीन चरणों में 1.11 करोड़ से ज़्यादा युवाओं को प्रशिक्षित कर प्रमाणित किया जा चुका…

स्किल इंडिया मिशन: 1.11 करोड़ युवाओं को मिला PMKVY सर्टिफिकेशन, जानें कितनों को मिली नौकरी
(फोटो: IANS)

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'स्किल इंडिया मिशन' के तहत चलाई जा रही प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) के शुरुआती तीन चरणों में 1.11 करोड़ से ज़्यादा युवाओं को प्रशिक्षित कर प्रमाणित किया जा चुका है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इनमें से 24.38 लाख सर्टिफाइड युवाओं को शॉर्ट-टर्म ट्रेनिंग के बाद रोजगार मिलने की भी पुष्टि हुई है।

विज्ञापन

यह जानकारी कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने लोकसभा में एक लिखित जवाब के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि सरकार विभिन्न योजनाओं के जरिए युवाओं को स्किलिंग, री-स्किलिंग और अप-स्किलिंग का प्रशिक्षण दे रही है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की बदलती जरूरतों और नई टेक्नोलॉजी के लिए तैयार करना है। इन योजनाओं में पीएमकेवीवाई के अलावा जन शिक्षण संस्थान, राष्ट्रीय अप्रेंटिसशिप प्रोत्साहन योजना और आईटीआई के माध्यम से चलने वाली क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम प्रमुख हैं।

भविष्य की नौकरियों पर जोर

वित्त वर्ष 2022-23 से लागू हुए पीएमकेवीवाई के चौथे चरण (PMKVY 4.0) में भविष्य की तकनीकों पर खास ध्यान दिया जा रहा है। सरकार के अनुसार, इस चरण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स, क्लाउड कंप्यूटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), डेटा एनालिटिक्स, साइबर सुरक्षा और ग्रीन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

मंत्री जयंत चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि पीएमकेवीवाई 4.0 में प्लेसमेंट के आंकड़ों की निगरानी नहीं की जाती है। इसका कारण यह है कि इस चरण का जोर युवाओं को अपनी पसंद के करियर विकल्प चुनने के लिए सशक्त बनाने पर है।

इंडस्ट्री की मांग के अनुसार कोर्स

सरकार उद्योगों की मांग और कुशल युवाओं की उपलब्धता के बीच के अंतर को पाटने के लिए समय-समय पर 'स्किल गैप स्टडी' भी कराती है। इन अध्ययनों के आधार पर ही कौशल विकास कार्यक्रमों में जरूरी बदलाव किए जाते हैं। इसी दिशा में, प्रशिक्षण महानिदेशालय (DGT) ने क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम (CTS) के तहत 170 पाठ्यक्रम तैयार किए हैं, जिनमें से 32 कोर्स नई तकनीक और भविष्य के स्किल्स से जुड़े हैं। ये पाठ्यक्रम देशभर के आईटीआई और राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (NSTI) के नेटवर्क के माध्यम से चलाए जा रहे हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social एजुकेशन डेस्क

News4Social एजुकेशन डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से शिक्षा से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →