म्यूचुअल फंड में बदला खरीदारी का ट्रेंड, साढ़े तीन साल में पहली बार हुई इतनी बड़ी बिकवाली
भारतीय शेयर बाजार में निवेश का एक बड़ा ट्रेंड बदलता दिख रहा है। साढ़े तीन साल में पहली बार ऐसा हो रहा है कि घरेलू म्यूचुअल फंड कंपनियां शेयरों की बड़ी बिकवाली कर रही हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक…
भारतीय शेयर बाजार में निवेश का एक बड़ा ट्रेंड बदलता दिख रहा है। साढ़े तीन साल में पहली बार ऐसा हो रहा है कि घरेलू म्यूचुअल फंड कंपनियां शेयरों की बड़ी बिकवाली कर रही हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, नवंबर महीने में अब तक म्यूचुअल फंड्स ने 32,740 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं, जिससे वे शुद्ध विक्रेता (नेट सेलर) बन गए हैं।
यह एक अहम बदलाव है क्योंकि मई 2023 से लगातार म्यूचुअल फंड द्वितीयक बाजार में शुद्ध खरीदार बने हुए थे। इस दौरान कुछ महीनों में तो उनकी खरीदारी का आंकड़ा 50,000 करोड़ रुपये को भी पार कर गया था। आंकड़ों के मुताबिक, इससे पहले आखिरी बार अप्रैल 2023 में म्यूचुअल फंड्स ने शुद्ध बिकवाली की थी।
सिर्फ म्यूचुअल फंड ही नहीं, अन्य निवेशक भी बेच रहे शेयर
सेबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए रिपोर्ट में बताया गया है कि बिकवाली का यह रुझान सिर्फ म्यूचुअल फंड तक ही सीमित नहीं है। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs), जिनमें म्यूचुअल फंड के अलावा बीमा कंपनियां, बैंक और पेंशन फंड भी शामिल होते हैं, ने नवंबर के पहले 13 कारोबारी सत्रों में कुल 55,570 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। खास बात यह है कि इस अवधि के 13 में से 12 सत्रों में DIIs शुद्ध बिकवाल रहे।
इसी तरह, खुदरा निवेशकों ने भी मुनाफावसूली का रास्ता अपनाया। नवंबर में अब तक वे करीब 24,953 करोड़ रुपये के शेयर बेच चुके हैं। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) द्वारा अक्टूबर 2023 में इस तरह के आंकड़े जारी करने शुरू करने के बाद से यह किसी भी महीने का सबसे ऊंचा स्तर है।
विदेशी निवेशकों ने संभाला बाजार
एक तरफ जहां घरेलू निवेशक बिकवाली कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने बाजार को सहारा दिया। नवंबर के पहले 13 कारोबारी सत्रों में FPIs ने कैश मार्केट में 94,230 करोड़ रुपये की जोरदार खरीदारी की। उनकी इस खरीदारी ने बिकवाली के सिलसिले को तोड़ा और सेंसेक्स तथा निफ्टी में कई हफ्तों तक चली मजबूती को समर्थन दिया।
विशेषज्ञों का मानना है कि म्यूचुअल फंड की बिकवाली को सीधे तौर पर निवेशकों द्वारा पैसा निकालने से नहीं जोड़ना चाहिए। फंड हाउस अक्सर मुनाफावसूली करने, अपने पोर्टफोलियो को संतुलित करने या रिडेम्प्शन (पैसा निकालने का दबाव) की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी शेयर बेचते हैं। इस बीच, एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के सितंबर के आंकड़ों के अनुसार, इक्विटी योजनाओं में 38,307 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया था और मासिक SIP योगदान 32,490 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर था, जो निवेशकों के भरोसे को दिखाता है।
इनपुट: IANS



