मुंबई: खार में बेकाबू कार ने कई लोगों को मारी टक्कर, चालक गिरफ़्तार, मालिक को नोटिस
मुंबई के खार इलाके में एक तेज रफ़्तार कार ने सड़क पर चल रहे कई लोगों को रौंद दिया, जिसमें एक युवती और एक पुलिस कांस्टेबल समेत तीन लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हिट एंड…
मुंबई के खार इलाके में एक तेज रफ़्तार कार ने सड़क पर चल रहे कई लोगों को रौंद दिया, जिसमें एक युवती और एक पुलिस कांस्टेबल समेत तीन लोग घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हिट एंड रन मामले में खार पुलिस ने कार चालक और उसके मालिक, दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वाहन मालिक को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया है।
यह घटना खार स्टेशन रोड के पास हुई। पुलिस ने बताया कि कार ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी एक 19 वर्षीय युवती को टक्कर मारी, जिससे वह गिर पड़ी। जब मौके पर मौजूद एक पुलिस कांस्टेबल ने गाड़ी रोकने की कोशिश की, तो बेकाबू कार ने उन्हें और आसपास मौजूद दो-तीन अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
कई गाड़ियों को भी पहुँचाया नुक़सान
लोगों को टक्कर मारने के बाद भी कार नहीं रुकी। इसने सड़क पर खड़े दो-तीन ऑटो रिक्शा को भी टक्कर मारी और आख़िरकार एक ऑटो से टकराकर रुकी। घटना के बाद गाड़ी के पीछे बैठा एक व्यक्ति बाहर निकल गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायल युवती को पास के भाभा अस्पताल पहुँचाया। इस हादसे में कुल तीन लोग घायल हुए और कई वाहनों को भी नुक़सान पहुँचा है।
चालक और मालिक पर मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों की पहचान गोरेगांव निवासी 36 वर्षीय चालक दिनेश यादव और मलाड पश्चिम निवासी 50 वर्षीय व्यापारी मेहुल प्रवीणचंद्र जोशी (वाहन मालिक) के रूप में की है। यादव और जोशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। IANS के अनुसार, पुलिस ने यादव को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों और इसमें वाहन मालिक की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



