मणिपुर: मुख्यमंत्री ने गुवाहाटी तक सीधी ट्रेन सेवा की मांग की, रेल परियोजना की प्रगति का लिया जायज़ा
मणिपुर के लोगों को जल्द ही राज्य से बाहर यात्रा करने में बड़ी राहत मिल सकती है। मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को मणिपुर को गुवाहाटी से जोड़ने वाली एक यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने की…
मणिपुर के लोगों को जल्द ही राज्य से बाहर यात्रा करने में बड़ी राहत मिल सकती है। मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शुक्रवार को मणिपुर को गुवाहाटी से जोड़ने वाली एक यात्री ट्रेन सेवा शुरू करने की पुरजोर वकालत की है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उन्होंने कहा कि इस कदम से चारों ओर से ज़मीन से घिरे इस राज्य के निवासियों को बहुत फायदा होगा, जिन्हें अक्सर यात्रा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक प्रस्ताव सौंप चुकी है और उन्हें उम्मीद है कि यह सेवा इसी साल शुरू हो जाएगी। इस मुद्दे पर आगे की चर्चा तब होगी जब रेल मंत्री इस साल के अंत में मणिपुर का दौरा करेंगे।
इंफाल-जिरीबाम रेलवे प्रोजेक्ट की समीक्षा
गुवाहाटी तक ट्रेन सेवा की मांग उठाने के साथ ही मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने इंफाल पश्चिम जिले में बन रहे इंफाल रेलवे स्टेशन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की महत्वाकांक्षी इंफाल-जिरीबाम रेलवे परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। यह एक बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है, जिसका लक्ष्य मणिपुर को देश के बाकी हिस्सों से बेहतर तरीके से जोड़ना है।
निरीक्षण के समय डिप्टी चीफ इंजीनियर मो. सैमुअल ने मुख्यमंत्री को परियोजना की मौजूदा स्थिति और चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने रेलवे अधिकारियों के हवाले से बताया कि 110 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में लगभग 55 किलोमीटर रेलवे लाइन का काम तामेंगलोंग जिले के खोंगसांग तक पूरा हो चुका है।
परियोजना कब तक होगी पूरी?
अधिकारियों के मुताबिक, परियोजना के बाकी हिस्सों पर काम तेजी से चल रहा है। अवांगखुल तक का 9 किलोमीटर का एक और सेक्शन नवंबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है, जबकि नोनी सेक्शन को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे लाइन के दिसंबर 2028 तक इंफाल पहुंचने की संभावना है। वहीं, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूरी 111 किलोमीटर लंबी परियोजना, जिसकी लागत लगभग 22,000 करोड़ रुपए है, जून 2029 तक पूरी तरह से चालू हो सकती है।
निरीक्षण के दौरान कोंथौजाम विधानसभा क्षेत्र के विधायक सपम रंजन सिंह सहित राज्य और रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे।
इनपुट: IANS



