मणिपुर: जहरीली शराब कांड में 17 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को हरसंभव मदद का दिया आश्वासन
मणिपुर में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का आंकड़ा 17 तक पहुँच गया है, जबकि 230 से अधिक लोग अब भी विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। इस त्रासदी के बाद राज्य के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने…
मणिपुर में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से हुई मौतों का आंकड़ा 17 तक पहुँच गया है, जबकि 230 से अधिक लोग अब भी विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। इस त्रासदी के बाद राज्य के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने आदिवासी नागरिक समाज संगठनों (CSO) को भरोसा दिलाया है कि सरकार पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह घटना 18 नवंबर से सामने आनी शुरू हुई, जिसका सबसे ज़्यादा असर चंदेल और काकचिंग ज़िलों में हुआ है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, चंदेल जिले में 16 और काकचिंग जिले में एक व्यक्ति की जान गई है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सोमवार को 'एनल' जनजाति के विभिन्न नागरिक समाज संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर इस दुखद घटना पर तत्काल सरकारी हस्तक्षेप की मांग की।
जांच और राहत की मांग
नागरिक समाज संगठनों ने अपने ज्ञापन में कई प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें पीड़ित परिवारों के लिए मुआवज़ा, प्रभावित लोगों को पूरी चिकित्सा सहायता, प्रभावित परिवारों का पुनर्वास और चंदेल जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना शामिल है। इसके अलावा, उन्होंने दोषियों को सज़ा दिलाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक (IGP) रैंक के अधिकारी की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की भी मांग की है।
सरकार का कदम
प्रतिनिधियों की मांगों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए प्रधान सचिव आरके दिनेश सिंह की अध्यक्षता में पहले ही एक उच्च-स्तरीय जांच समिति का गठन किया जा चुका है। उन्होंने मौतों पर चिंता व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि सरकार ज्ञापन में उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करेगी। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री लोसी डिखो और अन्य विधायक भी मौजूद थे।
इस बीच, मणिपुर सरकार के प्रवक्ता थोकचोम राधेश्याम सिंह ने जानकारी दी है कि स्थानीय स्तर पर बनी संदिग्ध शराब के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इन नमूनों को कोलकाता स्थित नेशनल फूड लेबोरेटरी (NFL) के साथ-साथ इम्फाल की फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी और स्टेट पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी में भी परीक्षण के लिए भेजा गया है।
इनपुट: IANS



