कोलकाता: शादी से पहले पार्टनर से HIV+ होने की बात छिपाई, युवक गिरफ्तार
कोलकाता के बांसद्रोणी इलाके में एक युवक को अपनी पार्टनर से HIV संक्रमित होने की जानकारी छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला ने युवक पर जानबूझकर अपनी बीमारी छिपाकर धोखा देने और विश्वासघा…
कोलकाता के बांसद्रोणी इलाके में एक युवक को अपनी पार्टनर से HIV संक्रमित होने की जानकारी छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला ने युवक पर जानबूझकर अपनी बीमारी छिपाकर धोखा देने और विश्वासघात करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी युवक एक निजी संस्थान में काम करता है और पीड़ित महिला एक निजी अस्पताल में नर्स है। दोनों की मुलाकात कुछ साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और वे एक-दूसरे के करीब आ गए।
शादी की बात पर खुला राज़
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि उसने हाल ही में अपने पार्टनर से शादी करके घर बसाने की इच्छा जताई थी। लेकिन युवक लगातार इस विषय को टाल रहा था, जिससे महिला को उस पर शक हुआ। इसके बाद महिला ने शादी की तैयारी के हिस्से के तौर पर मेडिकल टेस्ट कराने का फैसला किया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवक ने शुरू में टेस्ट कराने से इनकार कर दिया था, लेकिन महिला के दबाव डालने पर वह मान गया। जांच रिपोर्ट में युवक के HIV-पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई, जिससे महिला को गहरा सदमा लगा। इसके बाद महिला ने खुद भी अपना HIV टेस्ट कराया है।
धोखाधड़ी का मामला दर्ज
महिला का आरोप है कि उसके पार्टनर को रिश्ते में आने से पहले ही अपने संक्रमण के बारे में पता था। शिकायत के मुताबिक, युवक ने यह भी स्वीकार किया कि अतीत में उसके कई अन्य महिलाओं के साथ भी शारीरिक संबंध रहे थे। इस खुलासे के बाद महिला ने बांसद्रोणी पुलिस स्टेशन में युवक के खिलाफ विश्वासघात और धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारी ने कहा, "महिला की शिकायत के आधार पर हमने बुधवार को युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।"
इनपुट: IANS



