महिला आरक्षण हमारा संकल्प, इसे कोई रोक नहीं सकता: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प बताया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस विधेयक को लागू होने से…
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प बताया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस विधेयक को लागू होने से कोई नहीं रोक सकता। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, शाह नई दिल्ली में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे।
अपने संबोधन में उन्होंने 106वें संविधान संशोधन का जिक्र करते हुए कहा, "106वां संविधान संशोधन, जिसमें 33 प्रतिशत मातृशक्ति को संसद और विधानसभाओं में आरक्षण देने का काम करेंगे। कांग्रेस पार्टी इसको रोककर बैठी है।" शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उल्लेख करते हुए कहा, "मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि भाजपा और हमारे नेता नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि इस देश की मातृशक्ति को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा ही मिलेगा, आप हमें रोक नहीं सकते।"
संविधान दिवस का महत्व
गृह मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह संविधान निर्माताओं के सपनों और आकांक्षाओं को याद करने का दिन है। उन्होंने कहा कि पिछले 80 वर्षों में देश के लोगों ने यह साबित किया है कि लोकतांत्रिक मूल्य हजारों वर्षों से भारतीय सभ्यता का हिस्सा रहे हैं, जो अब संविधान के अनुच्छेदों के माध्यम से दिखाई देते हैं। शाह के अनुसार, इन वर्षों में संविधान, संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र में लोगों का भरोसा बढ़ा है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकारों ने संविधान को केवल शासन चलाने की एक मार्गदर्शिका माना और इसकी मूल भावना को जनता में मजबूत करने की प्रक्रिया को नजरअंदाज कर दिया। इसके विपरीत, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने संविधान दिवस मनाने की शुरुआत करके न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया।
शाह ने कहा, "मोदी सरकार में संविधान के आदर्श केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक अधिकार, गरिमा व समान अवसर सुनिश्चित करने का सशक्त आधार बने हैं।" उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं का उदाहरण देते हुए बताया कि गरीबों को घर, शौचालय, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधा देने से लेकर महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों को अधिकार देने तक, हर योजना में संवैधानिक मूल्यों को केंद्र में रखा गया है।
इनपुट: IANS


