NEET पेपर लीक विवाद: तेलंगाना में शिक्षण संस्थान बंद, छात्रों ने हैदराबाद में किया प्रदर्शन
नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक को लेकर उठा विवाद तेलंगाना तक पहुंच गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में वामपंथी छात्र संगठनों ने…
नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक को लेकर उठा विवाद तेलंगाना तक पहुंच गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में वामपंथी छात्र संगठनों ने शुक्रवार को बंद का आह्वान किया, जिसके चलते राज्य के अधिकांश स्कूल-कॉलेज बंद रहे।
छात्र संगठनों की इस अपील पर हैदराबाद और आसपास के कई निजी शिक्षण संस्थानों ने एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी। वहीं, उस्मानिया विश्वविद्यालय ने भी शुक्रवार को होने वाली अपनी सभी परीक्षाओं को स्थगित करने का फैसला किया। यह बंद दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस की कथित बर्बरता के विरोध और परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर बुलाया गया था।
सड़कों पर उतरे छात्र, इस्तीफे की मांग
इस बंद के समर्थन में कई छात्र संगठनों ने हैदराबाद के नारायणगुड़ा से वाई जंक्शन तक एक विरोध रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, पेपर लीक के दोषियों पर सख्त कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पूरी पारदर्शिता लाना शामिल था। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) समेत कई अन्य संगठन इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।
विपक्षी दल BRS का भी प्रदर्शन
इसके अलावा, भारत राष्ट्र समिति (BRS) के छात्र संगठन ने भी इंदिरा पार्क में एक अलग प्रदर्शन आयोजित किया, जिसमें सैकड़ों छात्र और युवा शामिल हुए। BRS के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव भी इस प्रदर्शन में पहुंचे और केंद्र सरकार से जवाबदेही की मांग की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारत के युवाओं की आवाज को बल प्रयोग से दबाया नहीं जा सकता।"
इनपुट: IANS



