कोलकाता: झुग्गी बस्ती में भीषण आग, 15 दमकल गाड़ियों ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
दक्षिण कोलकाता के पाम एवेन्यू इलाके में स्थित एक झुग्गी बस्ती गुरुवार तड़के भीषण आग की चपेट में आ गई, जिससे कई घर जलकर खाक हो गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 15…
दक्षिण कोलकाता के पाम एवेन्यू इलाके में स्थित एक झुग्गी बस्ती गुरुवार तड़के भीषण आग की चपेट में आ गई, जिससे कई घर जलकर खाक हो गए। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 15 गाड़ियों को करीब चार घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
स्थानीय निवासियों ने मीडिया को बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे उन्हें एक सिलेंडर फटने की तेज आवाज सुनाई दी। इसके तुरंत बाद आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते आसपास की कई झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। घबराए हुए लोगों ने पहले खुद आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग के विकराल रूप को देखते हुए उन्होंने फौरन दमकल विभाग को सूचित किया।
संकरी गलियों ने बढ़ाई चुनौती
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचने लगीं, लेकिन झुग्गी बस्ती की संकरी गलियों और घनी आबादी के कारण उन्हें घटनास्थल तक पहुंचने और आग बुझाने के काम में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने सबसे पहले आग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर ध्यान केंद्रित किया।
शुरुआती जांच में पता चला है कि आग बस्ती के भीतर स्थित एक गोदाम से शुरू हुई थी। आग की भयावहता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गोदाम के आस-पास की कई झुग्गियां पूरी तरह जल गईं।
स्थिति नियंत्रण में, कूलिंग जारी
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने मौके पर बताया, "अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 8:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया।" उन्होंने आगे कहा, "कूलिंग का काम चल रहा है ताकि आग दोबारा न भड़क सके। हो सकता है कि आग किसी सिलेंडर के फटने से लगी हो, जैसा कि स्थानीय लोग दावा कर रहे हैं।" अधिकारी के मुताबिक, नुकसान का सही आकलन बाद में किया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में कोलकाता में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। इनमें 18-19 अगस्त की रात मध्य कोलकाता की मिर्जा गालिब स्ट्रीट के एक होटल में लगी आग सबसे भयानक थी, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी।
इनपुट: IANS



