एशिया में भारत का दबदबा बढ़ा, लोवी इंस्टीट्यूट की रैंकिंग में PM मोदी दूसरे सबसे प्रभावी नेता
ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट ने अपनी ताजा 'एशिया पावर इंडेक्स' रिपोर्ट जारी की है, जिसमें भारत को महाद्वीप का तीसरा सबसे शक्तिशाली देश बताया गया है। समाचार एजेंसी IANS के…
ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट ने अपनी ताजा 'एशिया पावर इंडेक्स' रिपोर्ट जारी की है, जिसमें भारत को महाद्वीप का तीसरा सबसे शक्तिशाली देश बताया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद एशिया का दूसरा सबसे प्रभावशाली नेता माना गया है, जो उनके क्षेत्रीय नेतृत्व में तीन पायदान का उछाल दर्शाता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने 'प्रमुख शक्ति' (Major Power) के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत की है। 27 देशों के मूल्यांकन में भारत 100 में से 40.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर काबिज है, जो पिछले साल से 0.5 अंक अधिक है। अमेरिका (78.9) और चीन (73.6) क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। वहीं, जापान (38.6) चौथे और रूस (32.2) पांचवें स्थान पर है।
कूटनीतिक और रक्षा क्षेत्र में भारत की प्रगति
इस सूचकांक में भारत की सबसे बड़ी ताकत उसके कूटनीतिक प्रभाव को बताया गया है, जिसमें उसे 70.3 अंक मिले हैं। रिपोर्ट में दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ बढ़ते रक्षा सहयोग और ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री का विशेष उल्लेख किया गया है। इसके चलते भारत 'रक्षा नेटवर्क' के मामले में दो पायदान की छलांग लगाकर नौवें स्थान पर पहुंच गया है। इसके अलावा, क्षेत्रीय व्यापार और निवेश में स्थिरता के कारण 'आर्थिक संबंधों' की श्रेणी में भी भारत दो स्थान सुधरकर सातवें पर आ गया है।
आर्थिक क्षमता और भविष्य की संभावनाएं
लोवी इंस्टीट्यूट ने भारत की आर्थिक स्थिति का मिला-जुला मूल्यांकन किया है। एक तरफ जहां 'आर्थिक क्षमता' का स्कोर थोड़ा घटकर 26.4 अंक रह गया और देश से बाहर होने वाले निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई, वहीं भारत 'भविष्य के संसाधनों' (Future Resources) के मामले में 56.2 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। आर्थिक विकास के अनुमानों में सुधार को इसका कारण बताया गया है।
भारत और चीन के बीच घटता अंतर
लोवी इंस्टीट्यूट में दक्षिण-पूर्व एशिया कार्यक्रम के निदेशक और इस प्रोजेक्ट के लीड, डॉ. हंटर मार्स्टन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारत का प्रभाव बढ़ा है... 2018 के बाद से चीन के साथ भारत का अंतर अब सबसे कम है।" रिपोर्ट के अनुसार, 2018 में सूचकांक शुरू होने के बाद से दोनों देशों के बीच समग्र शक्ति का फासला अपने न्यूनतम स्तर पर है। यह रिपोर्ट 131 संकेतकों के आधार पर तैयार की गई है, जिसमें आर्थिक क्षमता, सैन्य ताकत, कूटनीतिक प्रभाव और आर्थिक संबंध जैसे आठ पैमाने शामिल हैं।
इनपुट: IANS



