चिराग पासवान को मिली जान से मारने की धमकी, LJP प्रतिनिधिमंडल ने DGP से मिलकर सुरक्षा बढ़ाने की मांग की
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को मिली जान से मारने की धमकी के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मामले को लेकर…
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को मिली जान से मारने की धमकी के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मामले को लेकर पार्टी के एक सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार से मुलाकात कर पासवान की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
राज्य अध्यक्ष विवेक विश्वास के नेतृत्व में इस प्रतिनिधिमंडल में विधान परिषद सदस्य अशरफ अंसारी और विधायक राजू तिवारी भी शामिल थे। पटना के सरदार पटेल भवन में हुई इस मुलाकात के दौरान नेताओं ने DGP से धमकी की प्रकृति, अब तक हुई पुलिस जांच और चिराग पासवान की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की।
पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग
पार्टी नेताओं ने पुलिस से आग्रह किया कि धमकी भेजने वाले की जल्द से जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा कर उसे और मजबूत करने पर जोर दिया। DGP विनय कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को इस मामले में पूरा सहयोग और हरसंभव कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
क्या थी धमकी?
यह मामला तब सामने आया जब खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय को एक बिना हस्ताक्षर वाला पत्र मिला। इसमें दावा किया गया था कि पासवान को जल्द ही 'कट्टर आतंकवादियों' द्वारा मार दिया जाएगा। पत्र में दो मोबाइल नंबरों का भी उल्लेख था। इसके बाद मंत्रालय के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक कुमार सिंह ने 1 सितंबर को केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर मामले की तत्काल और गहन जांच की मांग की थी।
गौरतलब है कि चिराग पासवान को पहले से ही गृह मंत्रालय की ओर से जेड-श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। पार्टी ने इस धमकी के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय से भी संपर्क कर सुरक्षा बढ़ाने का अनुरोध किया था। पुलिस फिलहाल धमकी भरा पत्र भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसे खोजने में जुटी है।
इनपुट: IANS



