कैंसर दवा घोटाला: 6 राज्यों में 15,000 से ज़्यादा मरीज़ ठगी के शिकार, सरगना दिल्ली पुलिस की हिरासत में
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हज़ारों मरीज़ों को निशाना बनाने वाले एक बड़े दवा घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। जांच में सामने आया है कि कर्नाटक सरकार और दवा कंपनियों की ओर से मुफ़्त दी जाने वाली…
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हज़ारों मरीज़ों को निशाना बनाने वाले एक बड़े दवा घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। जांच में सामने आया है कि कर्नाटक सरकार और दवा कंपनियों की ओर से मुफ़्त दी जाने वाली कैंसर-रोधी दवाओं को छह राज्यों में 15,000 से ज़्यादा मरीज़ों को ऊंची कीमतों पर बेचा गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरे रैकेट का कथित सरगना आर. प्रशांत बाबू है, जिसे अब दिल्ली पुलिस ने धोखाधड़ी के एक अलग मामले में हिरासत में ले लिया है।
यह रैकेट मुख्य रूप से दक्षिण भारत के निजी अस्पतालों और दवा दुकानों के नेटवर्क के ज़रिए काम कर रहा था। आरोपी आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश में मरीज़ों से मनमाने दाम वसूलकर करोड़ों रुपये कमा चुके थे।
कैसे काम करता था यह रैकेट?
जांचकर्ताओं ने पाया कि आरोपी मरीज़ों के लिए बनी एक ख़ास योजना का गलत फ़ायदा उठा रहे थे। इस योजना के तहत, लगभग 5 लाख रुपये कीमत के दो कैंसर इंजेक्शन खरीदने पर मरीज़ को एक अतिरिक्त डोज़ मुफ़्त मिलनी थी। लेकिन, गिरोह के सदस्य इस जानकारी को मरीज़ों से छिपा लेते थे और उस मुफ़्त इंजेक्शन को भी उसकी पूरी बाज़ार कीमत पर बेच देते थे।
यही नहीं, अगर किसी मरीज़ की दवा इस्तेमाल करने से पहले ही मौत हो जाती, तो ये लोग बची हुई दवाएं सस्ते में वापस खरीद लेते थे। बाद में उन्हीं दवाओं को दूसरे ज़रूरतमंद मरीज़ों को उनकी असली कीमत पर बेच दिया जाता था।
जांच का दायरा और सरगना की गिरफ्तारी
इस घोटाले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) अब यह पता लगाने में जुटी है कि कुल कितने इंजेक्शन अवैध रूप से बेचे गए और इससे कितने मरीज़ प्रभावित हुए। जांच में सप्लाई चेन, निजी अस्पतालों और दवा कंपनियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। शुरुआती अनुमान है कि इस नेटवर्क ने 15,000 से ज़्यादा मरीज़ों को दवाएं बेची होंगी।
इसी बीच, रैकेट के कथित सरगना प्रशांत बाबू को दिल्ली पुलिस ने एक अलग मामले में हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार, प्रशांत पर दिल्ली में दवाएं मुहैया कराने के नाम पर एक व्यक्ति से 2 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है, जिसकी FIR मोती बाग पुलिस स्टेशन में दर्ज थी। कर्नाटक SIT द्वारा प्रशांत की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने अदालत से 'बॉडी वारंट' के ज़रिए उसकी कस्टडी हासिल की।
पहले भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि इस मामले की जड़ें पुरानी हैं। 18 अगस्त 2026 को बिदादी में एक बिना लाइसेंस वाली जगह पर छापेमारी में करीब 5 करोड़ रुपये की एक्सपायर हो चुकी दवाएं मिली थीं, जिन्हें नकली लेबल लगाकर दोबारा पैक किया जा रहा था। इसी सिलसिले में SIT ने सितंबर 2026 के अंत में प्रशांत को बेंगलुरु केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। उसके साथी वीरेश कुमार जैन को पहले ही पकड़ा जा चुका था। अधिकारियों ने इस मामले में कई फार्मेसियों और कंपनियों के लाइसेंस भी रद्द या निलंबित कर दिए हैं।
इनपुट: IANS



