ईरान परमाणु हथियार नहीं चाहता, लेकिन अमेरिका की जबरदस्ती के आगे नहीं झुकेगा: राष्ट्रपति पेजेश्कियन
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि उनका देश परमाणु हथियार बनाने का कोई इरादा नहीं रखता और इस संबंध में किए जा रहे प्रचार को 'झूठ' करार दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा…
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि उनका देश परमाणु हथियार बनाने का कोई इरादा नहीं रखता और इस संबंध में किए जा रहे प्रचार को 'झूठ' करार दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईरान बातचीत के लिए हमेशा तैयार है, लेकिन अमेरिका की जबरदस्ती और दबाव की राजनीति के सामने कभी आत्मसमर्पण नहीं करेगा।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने यह बयान अर्मेनिया की राजधानी येरेवन में जॉर्जिया के प्रधानमंत्री इराक्ली कोबाखिद्जे के साथ एक बैठक के दौरान दिया। वह वहां जैव विविधता सम्मेलन (सीओपी17) में हिस्सा लेने पहुंचे थे।
परमाणु कार्यक्रम और अमेरिकी प्रतिबंध
पेजेश्कियन ने ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के उस स्पष्ट रुख का हवाला दिया, जिसमें परमाणु हथियारों के विकास पर रोक लगाई गई थी। उन्होंने कहा, "वे (अमेरिका) सोचते हैं कि वे हमें आत्मसमर्पण के लिए मजबूर कर सकते हैं, लेकिन हम जबरदस्ती के सामने नहीं झुकेंगे।" राष्ट्रपति ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी प्रतिबंधों को अमानवीय बताया और हाल के अमेरिका-इजरायल हमलों को अनुचित करार दिया। इस बैठक में जॉर्जिया के प्रधानमंत्री कोबाखिद्जे ने भी अपने देश का पक्ष रखते हुए कहा कि जॉर्जिया किसी भी राज्य के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप का विरोध करता है।
पड़ोसियों के साथ समन्वय पर जोर
एक अन्य बैठक में अर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिन्यान के साथ बातचीत में पेजेश्कियन ने कहा कि अमेरिका को यह समझना होगा कि ईरान अपनी जनता और पड़ोसियों के सहयोग से दुनिया के साथ अपने संबंध मजबूत करना जारी रखेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिकी प्रतिबंधों ने न केवल ईरान, बल्कि पूरी दुनिया के लिए समस्याएं पैदा की हैं और अगर वाशिंगटन इसी रास्ते पर चलता रहा तो वैश्विक स्थिति और बिगड़ेगी। उन्होंने अमेरिका से बल प्रयोग के बजाय तर्क के आधार पर बातचीत करने का आह्वान किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति का बयान
इसी बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ युद्ध बहुत जल्द खत्म हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि संघर्ष समाप्त होने के बाद वैश्विक ऊर्जा की कीमतों में तेजी से गिरावट आएगी। मोंटाना में एक रैली के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने जोर देकर कहा, "तेहरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।"
इनपुट: IANS



