हवाई द्वीप की ओर बढ़ रहा चक्रवाती तूफ़ान लोवेल, बाढ़ और भूस्खलन का ख़तरा, चेतावनी जारी
अमेरिकी राज्य हवाई के पश्चिमी द्वीपों पर चक्रवाती तूफ़ान (हरिकेन) लोवेल का खतरा मंडरा रहा है, जिसके चलते कई इलाकों में चेतावनी जारी कर दी गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने…
अमेरिकी राज्य हवाई के पश्चिमी द्वीपों पर चक्रवाती तूफ़ान (हरिकेन) लोवेल का खतरा मंडरा रहा है, जिसके चलते कई इलाकों में चेतावनी जारी कर दी गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने भारी बारिश के कारण अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताई है। यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब राज्य पिछले महीने आए तूफ़ान लाला से हुए नुकसान से अभी उबर ही रहा है।
अमेरिकी नेशनल वेदर सर्विस (NWS) और नेशनल हरिकेन सेंटर (NHC) ने काउई, नीहाऊ और आसपास के समुद्री क्षेत्रों के लिए हरिकेन चेतावनी लागू की है, जबकि ओआहू के लिए ट्रॉपिकल स्टॉर्म चेतावनी जारी की गई है। NHC के पूर्वानुमान के मुताबिक, लोवेल का केंद्र सोमवार रात और मंगलवार सुबह के बीच निहाऊ के पास से या उसके पश्चिम से गुज़र सकता है।
गवर्नर ने की आपातकाल की घोषणा
तूफान के खतरे को देखते हुए हवाई के गवर्नर जोश ग्रीन ने 3 सितंबर को ही पूरे राज्य के लिए एक आपातकालीन घोषणा पर हस्ताक्षर कर दिए थे। इस घोषणा का उद्देश्य हरिकेन लोवेल, हरिकेन करिना और ट्रॉपिकल स्टॉर्म मैरी जैसे संभावित तूफानों से निपटने की तैयारियों में तेज़ी लाना है। इससे राज्य और स्थानीय एजेंसियों को ज़रूरत पड़ने पर अपने कर्मचारियों और संसाधनों को जल्दी तैनात करने में मदद मिलेगी।
जान-माल के नुकसान की आशंका
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सोमवार दोपहर से मौसम बिगड़ना शुरू हो सकता है और काउई काउंटी में सोमवार रात से हरिकेन जैसी स्थितियां बन सकती हैं। NHC के अनुसार, पहाड़ी इलाकों और ढलानों पर तेज़ झोंकों वाली हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा, तूफ़ान के कारण उठने वाली ऊंची समुद्री लहरें और खतरनाक रिप करंट (तेज़ वापसी वाली धाराएं) कई दिनों तक जानलेवा साबित हो सकती हैं।
पिछले तूफ़ान की तबाही
हवाई अभी भी पिछले महीने आए ट्रॉपिकल साइक्लोन लाला की तबाही से उबरने की कोशिश कर रहा है। उस तूफ़ान के कारण लगभग 17,000 उपभोक्ताओं को कई दिनों तक बिना बिजली के रहना पड़ा था। दक्षिणी काउ जिले में सड़कों पर कीचड़, पत्थर और गिरे हुए पेड़ों के कारण भारी परेशानी हुई थी। हवाई पुलिस ने तूफ़ान लाला से एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की थी, जबकि एक और मौत का संबंध भी तूफान से होने की आशंका जताई थी।
इनपुट: IANS



