शनिवार, 29 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल

बंगाल की खाड़ी में नया दबाव क्षेत्र: दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बन रहे एक नए निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण अगले तीन दिनों तक दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मौसम विभाग ने शनिवार…

बंगाल की खाड़ी में नया दबाव क्षेत्र: दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
(फोटो: IANS)

बंगाल की खाड़ी में बन रहे एक नए निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण अगले तीन दिनों तक दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मौसम विभाग ने शनिवार से बारिश की तीव्रता बढ़ने का अनुमान जताया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

विज्ञापन

कोलकाता स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वी क्षेत्रीय निदेशक हबीबुर रहमान बिस्वास ने बताया कि फिलहाल बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के तट के पास उत्तरी बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसी के प्रभाव से शनिवार को बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की प्रबल संभावना है।

किन जिलों में होगी भारी बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम के असर से दक्षिण बंगाल के अलग-अलग जिलों में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो जाएगी। खासतौर पर तटीय जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। हबीबुर रहमान बिस्वास ने कहा, "अगले 24 घंटों में उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना जिलों में एक या दो स्थानों पर गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। कोलकाता, हुगली, हावड़ा और पूर्वी मिदनापुर जिलों में भारी बारिश की संभावना है।"

विभाग ने यह भी बताया कि कल (रविवार को) पूर्वी मिदनापुर, दक्षिण 24 परगना और हावड़ा जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम और बांकुरा जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है।

तेज हवाएं और मछुआरों के लिए चेतावनी

निम्न दबाव क्षेत्र के और सघन होने पर उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश व ओडिशा के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही, गरज के साथ बादल छाए रहने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। इसी को देखते हुए मछुआरों को आज से अगले तीन दिनों तक गहरे समुद्र में जाने से मना किया गया है।

वहीं, उत्तरी बंगाल के मौसम की बात करें तो वहां कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन अगले दो-तीन दिनों में बारिश की गतिविधि कम रहेगी। शुक्रवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इनपुट: IANS

N

News4Social पश्चिम बंगाल डेस्क

News4Social पश्चिम बंगाल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से पश्चिम बंगाल से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →