फ्रांस: हिंसक प्रदर्शनों के बाद सरकार का कड़ा रुख, कई इलाकों में आंशिक कर्फ्यू लागू
फ्रांस में सप्ताहांत में हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं। देश के कुछ इलाकों में सोमवार शाम से आंशिक कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रधानमंत्री…
फ्रांस में सप्ताहांत में हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं। देश के कुछ इलाकों में सोमवार शाम से आंशिक कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू ने कहा कि यह फैसला लूटपाट की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए लिया गया है।
शनिवार को हुए इन विरोध प्रदर्शनों में करीब 5,50,000 लोगों ने हिस्सा लिया, जो बढ़ती महंगाई, आवास की कमी और सार्वजनिक सेवाओं पर दबाव जैसे मुद्दों पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे थे। फ्रांस के गृह मंत्रालय द्वारा रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, इन प्रदर्शनों के दौरान 2,397 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
कानून-व्यवस्था और कारोबार पर असर
हिंसा की इन घटनाओं में बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी भी घायल हुए। आंकड़ों के अनुसार, कुल 997 पुलिस अधिकारी और जवान घायल हुए, जिनमें से सात की हालत गंभीर है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री लेकोर्नू ने कहा, “लूटपाट को बढ़ने देने का कोई सवाल ही नहीं है।” उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आपातकाल की स्थिति भी घोषित की जा सकती है, लेकिन फिलहाल कर्फ्यू को ज्यादा उचित उपाय माना जा रहा है। फ्रांस के व्यापार मंत्री सर्ज पापिन ने अनुमान लगाया है कि विरोध प्रदर्शनों से कम से कम 3,000 कारोबार प्रभावित हुए हैं।
सरकार की सहायता और प्रतिबंध
प्रभावित दुकानदारों और कारोबारियों की मदद के लिए सरकार ने मंगलवार से आंशिक बेरोजगारी के उपाय लागू करने का वादा किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक फंडिंग के जरिए भी सहायता दी जाएगी, लेकिन उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि, “अगर हम जल्द से जल्द व्यवस्था बहाल करने में सक्षम नहीं हैं तो ऐसी मदद का कोई मतलब नहीं है।”
इसी बीच, दक्षिणी फ्रांस के बूश-दु-रोन में पुलिस ने कड़े प्रतिबंध लागू किए हैं। पुलिस प्रीफेक्चर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर घोषणा की कि मार्सिले शहर में दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक सभी सभाओं और प्रदर्शनों पर रोक लगा दी गई है।
इनपुट: IANS



