गोपालगंज: सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से 4 मजदूरों की मौत, बचाव में उतरा 5वां शख्स गंभीर
बिहार के गोपालगंज जिले में शनिवार को एक निर्माणाधीन घर के सेप्टिक टैंक में दम घुटने से चार प्रवासी श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब…
बिहार के गोपालगंज जिले में शनिवार को एक निर्माणाधीन घर के सेप्टिक टैंक में दम घुटने से चार प्रवासी श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा उस वक्त हुआ जब मजदूर टैंक के अंदर से निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सेंटरिंग हटाने के लिए उतरे थे। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।
यह मामला श्रीपुर और गोपालपुर थाना क्षेत्रों की सीमा पर बसे सवन्ही पट्टी गांव का है। यहां रेशमा खातून नाम की एक महिला अपने पिता से मिली जमीन पर घर बनवा रही थीं। निर्माण स्थल पर मौजूद सेप्टिक टैंक पानी से भरा हुआ था।
एक के बाद एक 5 लोग उतरे टैंक में
रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे पहले जावेद आलम उर्फ टीपू आलम और शब्बे आलम सेंटरिंग हटाने के लिए टैंक में दाखिल हुए। अंदर जहरीली गैस की चपेट में आकर वे तुरंत बेहोश हो गए। उनकी मदद के लिए बंटी उर्फ राकेश और उमेश यादव भी टैंक में उतर गए, लेकिन वे भी गैस के प्रभाव में आ गए। इसके बाद इन चारों को बचाने के प्रयास में सेराज खान नाम का एक और व्यक्ति टैंक में उतरा और वह भी धुएं की चपेट में आ गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद सभी पांच लोगों को टैंक से बाहर निकाला और उन्हें तुरंत गोपालगंज सदर अस्पताल ले गए। अस्पताल में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सेराज खान का इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान बंटी उर्फ राकेश, जावेद आलम उर्फ टीपू आलम, उमेश यादव और शब्बे आलम के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही श्रीपुर, फुलवरिया और कुचैकोट थानों के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



