दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 5 जगहों पर बम की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
स्वतंत्रता दिवस समारोह से ठीक पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहना पड़ा, जब शुक्रवार को पांच अलग-अलग जगहों पर बम होने की सूचना मिली। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट…
स्वतंत्रता दिवस समारोह से ठीक पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहना पड़ा, जब शुक्रवार को पांच अलग-अलग जगहों पर बम होने की सूचना मिली। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन धमकियों के बाद दिल्ली फायर सर्विस (DFS) की कई टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया, लेकिन जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि ये धमकी भरे कॉल एक के बाद एक आए, जिससे कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया। जिन स्थानों को निशाना बनाने की धमकी दी गई, उनमें नई दिल्ली का जामनगर हाउस, झंडेवालान स्थित फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, साकेत का जिला मजिस्ट्रेट (DM) कार्यालय, दिल्ली कैंट का एसडीएम कार्यालय और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का टर्मिनल 3 शामिल हैं। सूचना मिलते ही सभी पांचों जगहों पर दमकल की गाड़ियां भेजी गईं और सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
हाल के दिनों में बढ़ीं फर्जी धमकियां
यह कोई पहली बार नहीं है जब स्वतंत्रता दिवस से पहले इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले 3 अगस्त को दिल्ली के मेयर कार्यालय को एक ईमेल भेजा गया था, जिसमें 15 अगस्त को लाल किले पर सिलसिलेवार बम धमाके करने की बात कही गई थी। इस ईमेल के मिलते ही मेयर कार्यालय ने दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को फौरन सूचित किया। जिसके बाद बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा टीमों ने पूरे लाल किला परिसर की गहन जांच की और उसे सैनिटाइज किया।
दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, उस धमकी के बाद से ही लाल किले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा पहले से ज्यादा कड़ी कर दी गई थी।
मुंबई से आया था पिछला फर्जी कॉल
इससे भी पहले, 11 जुलाई को भी लाल किले को बम से उड़ाने की एक और धमकी मिली थी, जो बाद में फर्जी साबित हुई। दिल्ली पुलिस ने बताया कि उस मामले में फोन मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को किया गया था। कॉलर ने कहा था कि ऐतिहासिक लाल किले को उड़ा दिया जाएगा, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने यह जानकारी दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही उत्तरी जिला पुलिस ने स्मारक पर पहुंचकर व्यापक जांच अभियान चलाया, लेकिन कोई भी विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और धमकी को झूठा करार दिया गया।
इनपुट: IANS



