अगरतला में बड़ी कार्रवाई: बिहार से आई मालगाड़ी में मिला 6.5 करोड़ का प्रतिबंधित कफ सिरप, एक गिरफ्तार
त्रिपुरा के अगरतला रेलवे स्टेशन पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 6.54 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के प्रतिबंधित कफ सिरप की एक बड़ी खेप जब्त की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर
त्रिपुरा के अगरतला रेलवे स्टेशन पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 6.54 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के प्रतिबंधित कफ सिरप की एक बड़ी खेप जब्त की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह खेप बिहार के कटिहार से एक मालगाड़ी के जरिए अगरतला लाई गई थी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह त्रिपुरा में पिछले साल अक्टूबर के बाद नशीले पदार्थों की दूसरी सबसे बड़ी बरामदगी है। खुफिया जानकारी के आधार पर, DRI के अधिकारियों ने गुरुवार को असम राइफल्स और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की मदद से यह अभियान चलाया। इस मामले में 34 वर्षीय सुब्रत देब नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित तौर पर इस अवैध खेप को लेने के लिए स्टेशन पर आया था।
बिहार से अगरतला तक नशे का नेटवर्क
जांच में पता चला है कि जब्त की गईं बोतलें एस्कुफ (Eskuf) और फेयरडिल (Phensedyl) कफ सिरप की हैं, जिनका इस्तेमाल अक्सर नशे के लिए किया जाता है। कुल 55,626 बोतलें (प्रत्येक 100 मिलीलीटर) मालगाड़ी से जुड़ी एक हाई-कैपेसिटी पार्सल वैन में छिपाकर भेजी गई थीं। गिरफ्तार किया गया आरोपी सुब्रत देब त्रिपुरा के खोवाई जिले की एक निजी फर्म में मैनेजर के तौर पर काम करता है।
इन कफ सिरप में कोडीन फॉस्फेट होता है, जिसका भारत और पड़ोसी देश बांग्लादेश समेत कई देशों में नशे के रूप में दुरुपयोग होता है। DRI ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट, 1985 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इस तस्करी रैकेट के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
रेलवे नेटवर्क का हो रहा दुरुपयोग
यह घटना दिखाती है कि तस्कर किस तरह से रेलवे नेटवर्क का इस्तेमाल अवैध सामानों की ढुलाई के लिए कर रहे हैं। इससे पहले पिछले साल 17 अक्टूबर को भी त्रिपुरा पुलिस ने इसी तरह की एक कार्रवाई में एक मालगाड़ी से करीब 5.4 करोड़ रुपये का प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किया था। उस मामले में भी मुख्य सरगना सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था। सुरक्षा एजेंसियां लगातार ट्रेनों से गांजा और अन्य नशीले पदार्थ जब्त करती रही हैं।
इनपुट: IANS



