पंजाब: CM भगवंत मान का कर्मचारियों और पेंशनरों को दिवाली तोहफ़ा, 3% अतिरिक्त महंगाई भत्ते को मंज़ूरी
पंजाब के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को दिवाली से पहले एक बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को 3 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ते (डीए) की किस्त जारी करने का ऐलान…
पंजाब के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को दिवाली से पहले एक बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को 3 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ते (डीए) की किस्त जारी करने का ऐलान किया है। इस फ़ैसले से राज्य के लगभग आठ लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को सीधा वित्तीय लाभ पहुँचेगा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह बढ़ी हुई राशि कर्मचारियों को दिसंबर में मिलने वाली क़िस्त के साथ जोड़कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस घोषणा को कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए "दिवाली का उपहार" बताया और उन्हें तथा उनके परिवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह फैसला कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही एक मांग को पूरा करने के लिए लिया गया है।
सितंबर में भी हुई थी 8% की बढ़ोतरी
यह हाल के महीनों में राज्य सरकार द्वारा डीए में की गई दूसरी बड़ी वृद्धि है। इससे पहले 18 सितंबर को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच हुई एक बैठक के बाद, महंगाई भत्ते की दर 42 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दी गई थी। यह 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी 1 सितंबर से प्रभावी की गई थी। उस समय यह फैसला कर्मचारियों के कई हफ्तों तक चले आंदोलन और लंबी बातचीत के बाद लिया गया था।
प्रशासन की रीढ़ हैं कर्मचारी: CM मान
इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सरकारी प्रशासन के संचालन में कर्मचारियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "सरकारी कर्मचारी प्रशासनिक व्यवस्था की रीढ़ हैं। वे आम लोगों तक सरकारी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।" मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार अपने कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और समर्पण को महत्व देती है और बेहतर जनसेवाओं के लिए कर्मचारियों की संतुष्टि बेहद ज़रूरी है।
उल्लेखनीय है कि कर्मचारी संगठन लंबे समय से लंबित डीए की किस्तों के अलावा पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली और सेवा से जुड़े अन्य मुद्दों के समाधान की भी मांग कर रहे हैं। इन मुद्दों पर सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच बातचीत अभी जारी है।
इनपुट: IANS



