दिल्ली: बीमार बेटे से तंग आकर पिता ने ही कर दी हत्या, दोस्त के साथ मिलकर रची खौफनाक साजिश
दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में एक सप्ताह पहले मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह मामला एक ‘ब्लाइंड मर्डर केस’ था, जिसमें हत्यारे कोई और नहीं, बल्कि मृतक का अपना पिता और उसका दोस्…
दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में एक सप्ताह पहले मिले अज्ञात शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। यह मामला एक ‘ब्लाइंड मर्डर केस’ था, जिसमें हत्यारे कोई और नहीं, बल्कि मृतक का अपना पिता और उसका दोस्त निकले। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने 64 वर्षीय तालुकदार अंसारी को अपने ही 38 वर्षीय बेटे गुल हसन की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस वारदात में उसका साथ देने वाले 49 वर्षीय दोस्त मोहम्मद वसीम उर्फ अकरम को भी पकड़ा गया है।
पुलिस के मुताबिक, बेटे की मानसिक बीमारी से परेशान होकर पिता ने यह खौफनाक कदम उठाया। दोनों आरोपियों ने गुल हसन को डॉक्टर के पास ले जाने का झांसा दिया और उसे एक सुनसान जगह पर ले गए, जहां उसे मौत के घाट उतार दिया गया।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
यह मामला 23 अगस्त को तब सामने आया, जब पुलिस को शाम करीब 7:13 बजे कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र में एक लावारिस शव मिलने की सूचना मिली। शव दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास एक सुनसान कंटेनर के अंदर पड़ा मिला था। मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी और उसके सिर पर चोट के निशान थे। मौके से खून से सना एक कंक्रीट का ब्लॉक भी बरामद हुआ, जिससे हत्या का शक गहरा गया।
चूंकि यह एक ब्लाइंड केस था, इसलिए पुलिस ने पहचान और आरोपियों की तलाश के लिए चार विशेष टीमें गठित कीं। कई दिनों तक चले सघन जांच अभियान में पुलिस ने इलाके के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान एक फुटेज में मृतक को दो अन्य व्यक्तियों के साथ घटनास्थल की ओर जाते देखा गया, जो एक महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ।
पिता ने ही रची थी हत्या की साजिश
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों का पता लगाया और उन्हें गोविंदपुरी की एक सिलाई फैक्ट्री से दबोच लिया। पूछताछ में तालुकदार अंसारी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका बेटा गुल हसन सिजोफ्रेनिया समेत कई मानसिक समस्याओं से जूझ रहा था।
आरोपियों ने बताया कि वे गुल हसन को इलाज के बहाने सुनसान कंटेनर तक ले गए। वहां पहुंचने पर वसीम ने उसके सिर पर पत्थर से वार किया और तालुकदार ने भी अपने बेटे के साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों ने बेकार कपड़ों से बनी रस्सी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को कंटेनर में छिपाकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल पत्थर, रस्सी और वारदात के समय पहने गए खून लगे कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



