दिल्ली: बेटे की चाह में 8 महीने के बच्चे का अपहरण, पुलिस ने 24 घंटे में अलीगढ़ से छुड़ाया
दिल्ली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर से अगवा हुए आठ महीने के बच्चे को सुरक्षित बचा लिया है। पुलिस के अनुसार, बच्चे को तस्करी के लिए अगवा किया…
दिल्ली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर से अगवा हुए आठ महीने के बच्चे को सुरक्षित बचा लिया है। पुलिस के अनुसार, बच्चे को तस्करी के लिए अगवा किया गया था और उसे उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से बरामद किया गया है। इस मामले में एक ट्रक ड्राइवर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब बच्चे की माँ, जो एक ई-रिक्शा ड्राइवर हैं, ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि जब वह काम पर थीं, तो उनके बेटे को केयरटेकर की कस्टडी से अगवा कर लिया गया था। शिकायत के आधार पर मंडावली पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की गई।
कैसे सुलझी अपहरण की गुत्थी?
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया। शुरुआती पूछताछ में केयरटेकर ने बताया कि गणेश नगर में एक अनजान व्यक्ति उससे मिला और बच्चे को ले गया। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें एक व्यक्ति बच्चे को ले जाते हुए दिखाई दिया।
इसके बाद टेक्निकल सर्विलांस और स्थानीय ऑटो-रिक्शा ड्राइवरों से पूछताछ के जरिए संदिग्ध के अक्षरधाम की ओर जाने का पता चला। एक गाड़ी की मूवमेंट से ड्राइवर की पहचान मथुरा निवासी 40 वर्षीय ऋषिपाल के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि ऋषिपाल ने ही बच्चे को अलीगढ़ पहुंचाया था।
बेटे की चाह में रची थी साजिश
जांच में यह बात सामने आई कि इस अपहरण की साजिश करीब एक साल पहले रची गई थी। गिरफ्तार किए गए अन्य दो आरोपियों में अलीगढ़ के वाजिदपुर गांव का 50 वर्षीय किसान चतरू और उसकी 45 वर्षीय पत्नी कुसमा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दंपति की पहले से तीन बेटियां थीं और वे एक बेटा चाहते थे, जिसके चलते उन्होंने इस अपराध को अंजाम दिया।
गोपनीय जानकारी और लंबे तलाशी अभियान के बाद पुलिस टीम अलीगढ़ के वाजिदपुर गांव पहुंची और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



