दिल्ली: नौकरी के नाम पर ठगी, द्वारका में फर्जी प्लेसमेंट ऑफिस का भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार
दिल्ली के द्वारका इलाके में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगारों से पैसे ऐंठने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, द्वारका साइबर पुलिस टीम ने इस मामले में गिरोह के मुख्य…
दिल्ली के द्वारका इलाके में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगारों से पैसे ऐंठने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, द्वारका साइबर पुलिस टीम ने इस मामले में गिरोह के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दफ्तर में काम करने वाली दो महिला कर्मचारियों पर भी कानूनी कार्रवाई की गई है। आरोपी रजिस्ट्रेशन फीस और यूनिफॉर्म के नाम पर पैसे वसूलते थे, लेकिन किसी को नौकरी नहीं देते थे।
पुलिस ने यह कार्रवाई 23 अक्टूबर को दर्ज एक FIR के आधार पर की। जांच के बाद टीम ने द्वारका मोड़ के पास पटेल गार्डन में चल रहे एक फर्जी 'जॉब प्लेसमेंट' दफ्तर पर छापा मारा। अधिकारियों ने बताया कि मौके पर 34 वर्षीय सर्वेश कुमार मौजूद मिला, जिसने खुद को ऑफिस का संचालक बताया। पुलिस ने सर्वेश को गिरफ्तार कर लिया है।
ऐसे काम करता था ठगी का रैकेट
जांच में पता चला कि यह गिरोह दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर नौकरी के विज्ञापन वाले पर्चे चिपकाता था। जब कोई बेरोजगार व्यक्ति इन पर्चों पर दिए गए नंबर पर फोन करता, तो उसे इंटरव्यू के लिए दफ्तर बुलाया जाता था। ऑफिस में निरुपमा कुमारी उर्फ माही और कंचन छाबड़ा नाम की दो महिला कर्मचारी इंटरव्यू लेती थीं।
इंटरव्यू के बाद हर उम्मीदवार से रजिस्ट्रेशन फीस और यूनिफॉर्म के नाम पर पैसे लिए जाते थे और जल्द ही नौकरी शुरू होने का भरोसा देकर घर भेज दिया जाता था। पुलिस के मुताबिक, हर दिन करीब 10-15 लोग इस दफ्तर के चक्कर लगाते थे। जब लोग नौकरी के लिए दोबारा संपर्क करते तो आरोपी उनके मोबाइल नंबर ब्लॉक कर देते थे।
कई बैंक खातों से जुड़े हैं साइबर अपराध के तार
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी सर्वेश कुमार ने उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, डीसीबी बैंक, इक्विटास बैंक और बंधन बैंक में अपने चार खातों की जानकारी दी। जब इन खातों की जांच की गई तो पता चला कि ये कई अन्य साइबर अपराधों से भी जुड़े हुए हैं, जिससे बड़े स्तर पर धोखाधड़ी का संदेह है। मामले में पूछताछ के बाद दोनों महिला कर्मचारियों निरुपमा और कंचन ने भी धोखाधड़ी में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी को जरूरी न मानते हुए उन्हें बीएनएस की धारा 35(3) के तहत पाबंद किया गया है।
इनपुट: IANS



