दिल्ली: सट्टे के विवाद में गोली चलाने वाला 'टक्कर गैंग' का भगोड़ा सदस्य गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहे एक अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो कुख्यात 'टक्कर गिरोह' का सक्रिय सदस्य बताया जाता है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुलाम…
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहे एक अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो कुख्यात 'टक्कर गिरोह' का सक्रिय सदस्य बताया जाता है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुलाम ख्वाजा उर्फ आले नामक इस 30 वर्षीय आरोपी को भगोड़ा घोषित किया जा चुका था और वह लगातार अपनी पहचान व ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था।
पुलिस के मुताबिक, यह मामला पिछले साल नवंबर में सट्टेबाजी के एक विवाद से जुड़ा है। रघु नगर इलाके में इरफान नाम का शख्स सट्टे का कारोबार चलाता था। उसके साथ सट्टे में कुणाल नाम के एक व्यक्ति को नुकसान हुआ, और जब उससे बकाया चुकाने को कहा गया तो उसने मदद के लिए जेल में बंद 'टक्कर गिरोह' के सरगना विक्की उर्फ टक्कर से संपर्क किया।
गोलीबारी की घटना और फरारी
जेल से ही टक्कर ने अपने साथी गुलाम ख्वाजा को इरफान के अड्डे पर जाने का निर्देश दिया। ख्वाजा ने एक पिस्तौल का इंतजाम कर अमन नाम के शख्स को दी और इरफान पर गोली चलाने का आदेश दिया। 3 दिसंबर, 2023 की रात को गुलाम, कुणाल, हेमू और अमन ने इरफान के अड्डे पर धावा बोला। वहां अमन ने कथित तौर पर दो गोलियां चलाईं, जिसमें से एक इरफान के पैर में जा लगी।
इस घटना के बाद चारों आरोपी मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान स्थानीय पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया था और हथियार भी बरामद कर लिया था। हालांकि, 25 मार्च को ख्वाजा को चिकित्सा कारणों से 14 दिन की अंतरिम जमानत मिली, लेकिन उसने जमानत की अवधि खत्म होने पर आत्मसमर्पण नहीं किया और फरार हो गया। 5 अगस्त को अदालत ने उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया।
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
ख्वाजा को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच ने एक विशेष टीम का गठन किया था। तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर टीम को पता चला कि ख्वाजा दिल्ली लौट रहा है और आनंद विहार रेलवे स्टेशन से सीतापुरी में गैंग लीडर टक्कर के घर जाएगा। इसी सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने स्टेशन पर जाल बिछाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने टक्कर गिरोह से अपने संबंधों और द्वारका, डाबरी व उत्तम नगर जैसे इलाकों में अपनी गतिविधियों की बात कबूल की है।
इनपुट: IANS



