पूर्व सैनिकों को रोजगार के अवसर: रक्षा मंत्रालय गुरुग्राम में लगाएगा जॉब फेयर
देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों (ESM) को कॉरपोरेट जगत में सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रक्षा मंत्रालय एक विशेष पहल करने जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक…
देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों (ESM) को कॉरपोरेट जगत में सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रक्षा मंत्रालय एक विशेष पहल करने जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय का पुनर्वास महानिदेशालय (DGR) 20 नवंबर को हरियाणा के गुरुग्राम में एक रोजगार मेले का आयोजन करेगा।
यह आयोजन गुरुग्राम के शहीद अतुल अटारी मार्ग के पास स्थित 54 एएसपी, वायुसेना स्टेशन पर होगा। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह रोजगार मेला पूर्व सैनिकों को अपना कौशल, अनुभव और पेशेवर क्षमताएं संभावित नियोक्ताओं के सामने रखने का एक समर्पित मंच प्रदान करेगा। साथ ही, कंपनियों को भी अनुशासित, कुशल और अनुभवी पेशेवरों के समूह से जुड़ने का मौका मिलेगा।
विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां होंगी शामिल
इस मेले के लिए कॉर्पोरेट और उद्योग जगत के प्रमुख नियोक्ताओं को आमंत्रित किया गया है। जानकारी के अनुसार, इसमें सुरक्षा, आईटी, प्रशासन, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवा और इंजीनियरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां हिस्सा लेंगी। यह पहल पूर्व सैनिक कल्याण विभाग (रक्षा मंत्रालय) की पूर्व सैनिकों के पुनर्वास और कल्याण के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
पंजीकरण और भर्ती प्रक्रिया
इस जॉब फेयर के लिए नियोक्ता और पूर्व सैनिक दोनों ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं, जो पूरी तरह निःशुल्क है। नियोक्ता पंजीकृत पूर्व सैनिकों के रिज्यूमे देख सकेंगे और अपनी जरूरत के अनुसार उपयुक्त उम्मीदवारों की पहचान कर सकेंगे। उन्हें मेले के दौरान ही साक्षात्कार आयोजित करने और चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की सुविधा भी मिलेगी, जिससे दोनों पक्षों के बीच सार्थक संवाद स्थापित हो सके।
मंत्रालय का मानना है कि पूर्व सैनिकों का अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, तकनीकी विशेषज्ञता और पेशेवर अनुभव नागरिक कार्यबल के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। पुनर्वास महानिदेशालय (DGR) की योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान देश भर में ऐसे 18 रोजगार मेले आयोजित करने की है।
इनपुट: IANS



