दिल्ली: DTC के फंड निवेश में देरी से 5.5 करोड़ का नुकसान, CAG रिपोर्ट में AAP सरकार पर सवाल
दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) ट्रस्ट के फंड को समय पर निवेश न करने के कारण सरकार को ब्याज के रूप में करोड़ों रुपये का संभावित नुकसान हुआ है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह…
दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) ट्रस्ट के फंड को समय पर निवेश न करने के कारण सरकार को ब्याज के रूप में करोड़ों रुपये का संभावित नुकसान हुआ है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह खुलासा भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (CAG) की उस रिपोर्ट में हुआ है, जिसे शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा में पेश किया गया। रिपोर्ट में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पिछली आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के कार्यकाल के दौरान हुई इस वित्तीय चूक पर गंभीर टिप्पणी की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल 2020 से मार्च 2023 के बीच डीटीसी ईपीएफ ट्रस्ट कर्मचारियों के प्रोविडेंट फंड से मिले अतिरिक्त फंड का समय पर निवेश करने में नाकाम रहा। इस देरी की वजह से ब्याज के तौर पर लगभग 5.50 करोड़ रुपये का संभावित नुकसान हुआ। कैग ने अपनी रिपोर्ट में इस पर चिंता जताते हुए कहा है कि यह कर्मचारियों और हितधारकों के हितों की रक्षा करने में एक बड़ी विफलता है।
कैग की सिफारिशें और अन्य खामियां
ऑडिट में यह भी पाया गया कि ट्रस्ट को अतिरिक्त फंड के समय पर निवेश के लिए अधिकारियों की नियुक्ति करनी चाहिए थी और उन्हें जिम्मेदारी सौंपनी चाहिए थी, जैसा कि संबंधित नियमों में आवश्यक है। कैग ने अपनी सिफारिश में कहा है कि कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा के लिए इस प्रक्रिया को दुरुस्त किया जाना चाहिए।
इसके अलावा, कैग रिपोर्ट के एक अन्य हिस्से में एक और वित्तीय अनियमितता का उल्लेख है। रिपोर्ट के पैरा 2.7 में बताया गया है कि पानी निकालने (डीवाटरिंग) से जुड़े काम की मात्रा में बड़े बदलाव के कारण 5.63 करोड़ रुपये का अनावश्यक भुगतान किया गया। ऑडिट के अनुसार, काम के दौरान तीन आइटम्स की अनुमानित मात्रा में 108% से लेकर 2545% तक की भारी बढ़ोतरी हुई, जो अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन था। कैग ने कहा कि यह अनुमान तैयार करने में वित्तीय समझदारी और उचित सावधानी की कमी को दर्शाता है।
इनपुट: IANS



