बिश्केक में पुतिन से मिले पीएम मोदी, बोले- 'युद्ध से अंत की ओर जाना ही होगा'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बिश्केक में एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें यूक्रेन संघर्ष पर भारत ने एक बार फिर शांति का आह्वान किया। समाचार एजेंसी…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बिश्केक में एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें यूक्रेन संघर्ष पर भारत ने एक बार फिर शांति का आह्वान किया। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पीएम मोदी ने अपने संबोधन में जोर देकर कहा कि युद्ध में बीता हर दिन मानवता को पीछे धकेलता है और शांति की तरफ बढ़ाया गया हर कदम नई उम्मीदें जगाता है।
बैठक से पहले अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा, "हमें कभी न खत्म होने वाले युद्ध से युद्ध के अंत की दिशा में जाना ही होगा, जो मानवता की भलाई के लिए भी आवश्यक है।" उन्होंने महात्मा गांधी और बुद्ध की धरती का जिक्र करते हुए शांति को भारत का संदेश बताया और सभी मुद्दों के जल्द से जल्द शांतिपूर्ण समाधान की अपील की। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत शांति के सभी प्रयासों का समर्थन करता है और आगे भी करता रहेगा।
मोदी की 'कार डिप्लोमेसी'
इस मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की खास 'कार डिप्लोमेसी' भी चर्चा में रही। दोनों नेता एक ही गाड़ी में बैठकर बैठक स्थल तक पहुंचे, जो उनके बीच गहरे व्यक्तिगत संबंधों का प्रतीक है। इससे पहले दिसंबर 2025 में जब राष्ट्रपति पुतिन भारत आए थे, तब भी पीएम मोदी ने दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने के बाद एक ही कार में साथ सफर किया था।
कई वैश्विक नेताओं के साथ दिखी है यह परंपरा
रूसी राष्ट्रपति पुतिन के अलावा भी प्रधानमंत्री मोदी कई अन्य वैश्विक नेताओं के साथ कार में सफर कर चुके हैं। इस सूची में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और जर्मन चांसलर जैसे कई बड़े नाम शामिल हैं।
इनपुट: IANS



