बलूचिस्तान: BLF का पाकिस्तानी सुरक्षाबलों पर हमलों का दावा, 11 सैनिकों समेत 13 की मौत की बात कही
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने दावा किया है कि उसने विभिन्न इलाकों में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों और राज्य समर्थित समूहों पर कई हमले किए हैं। संगठन के अनुसार…
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सक्रिय बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (BLF) ने दावा किया है कि उसने विभिन्न इलाकों में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों और राज्य समर्थित समूहों पर कई हमले किए हैं। संगठन के अनुसार, इन हमलों में 11 सैन्यकर्मियों और दो अन्य लोगों की मौत हुई है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, संगठन ने मीडिया में बयान जारी कर इन हमलों की ज़िम्मेदारी ली है, हालांकि इन दावों की किसी स्वतंत्र स्रोत से पुष्टि नहीं हो सकी है।
बीएलएफ के प्रवक्ता मेजर ग्वाहराम बलूच के हवाले से बताया गया है कि 22 अगस्त को अवारान जिले के कोलवाह-गिशकोर इलाके में पाकिस्तानी सेना की एक सड़क सुरक्षा इकाई को निशाना बनाया गया। संगठन का दावा है कि इस हमले में पांच सैनिकों की मौत हुई और तीन अन्य घायल हो गए। साथ ही, सड़क निर्माण में लगे वाहनों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।
पुलिस चौकी पर हमला और अन्य घटनाएं
संगठन ने यह भी बताया कि उसी दिन उसके लड़ाकों ने शिरीन-ओ-फरहाद इलाके में एक पुलिस चौकी पर कब्ज़ा कर लिया था। बयान के अनुसार, वहां तैनात पुलिसकर्मियों को हिरासत में लेने के बाद उनकी एक कलाश्निकोव राइफल और अन्य उपकरण ज़ब्त कर लिए गए। बाद में पुलिसकर्मियों को रिहा कर दिया गया, लेकिन चौकी, दो पुलिस वाहनों और एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी गई।
एक अन्य घटना में, बीएलएफ ने बेला-झाओ रोड पर दो लोगों को मारने का दावा किया है। संगठन ने मारे गए लोगों की पहचान वाजा बाग, झाओ के निवासी मोहम्मद और उनके बेटे जफर के रूप में की है। बीएलएफ ने उन्हें "राज्य समर्थित डेथ स्क्वॉड" का सदस्य बताते हुए उन पर पाकिस्तानी सैन्य बलों के साथ सहयोग करने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है।
बलूचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, बीएलएफ के इन दावों पर पाकिस्तानी अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इनपुट: IANS



