बलूचिस्तान: BLA लड़ाकों का सरनान कस्बे पर नियंत्रण का दावा, पुलिस स्टेशन और सरकारी दफ्तरों पर हमला
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के लड़ाकों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पिशिन जिले के सरनान कस्बे पर पूर्ण नियंत्रण का दावा किया है। समाचार एजेंसी IANS की एक…
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) के लड़ाकों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पिशिन जिले के सरनान कस्बे पर पूर्ण नियंत्रण का दावा किया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस दौरान एक पुलिस स्टेशन को विस्फोट से उड़ा दिया गया और राष्ट्रीय डेटाबेस एवं पंजीकरण प्राधिकरण (NADRA) समेत कई सरकारी दफ्तरों में आग लगा दी गई।
गुरुवार को हुए इस हमले के बाद, BLA के लड़ाकों ने पुलिस स्टेशन से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी ज़ब्त कर लिए। संगठन ने एक बयान जारी कर इस पूरी कार्रवाई की ज़िम्मेदारी ली है। BLA के प्रवक्ता जियांद बलूच ने कहा, "आज बलूच लिबरेशन आर्मी के लड़ाकों ने पिशिन के सरानन कस्बे पर पूरा नियंत्रण हासिल कर लिया। उन्होंने पुलिस स्टेशन, नादरा कार्यालय और अन्य सरकारी इमारतों को अपने कब्जे में लिया।" प्रवक्ता ने यह भी बताया कि कुछ पुलिसकर्मियों को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
एक और पुलिस स्टेशन पर कब्ज़े का दावा
इस घटना के अगले दिन, शुक्रवार को एक और हमले की खबर सामने आई। द बलूचिस्तान पोस्ट के अनुसार, प्रमुख बलूच मानवाधिकार कार्यकर्ता मीर यार बलूच ने दावा किया कि लड़ाकों ने बलूचिस्तान के बोलान क्षेत्र में स्थित कहातान पुलिस स्टेशन पर भी कब्ज़ा कर लिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि पुलिस रिकॉर्ड और हथियार ज़ब्त करने के बाद इमारत को आग के हवाले कर दिया गया। मीर यार बलूच ने यह भी कहा कि इलाके में पाकिस्तानी सेना की मौजूदगी के बावजूद वे बैरकों तक सीमित रहे।
राजमार्गों पर नाकेबंदी और अन्य हमले
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, गुरुवार को ही बलूच लड़ाकों ने कलात, मस्तुंग, खारान, चगाई और वाशुक समेत बलूचिस्तान के कई प्रमुख राजमार्गों पर नाकेबंदी कर दी थी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। इसी दौरान कलात में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला भी किया गया। यह हमला उस घटना के एक दिन बाद हुआ, जिसमें कलात के मंगूचर इलाके में एक IED विस्फोट में छह पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई थी।
इनपुट: IANS



