जैश-ए-मोहम्मद संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद बंगाल STF का बड़ा एक्शन, झारखंड से महिला सहयोगी गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद मामले में एक नया मोड़ आया है। पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने इस नेटवर्क की एक और कड़ी को झारखंड से गिरफ्तार…
पश्चिम बंगाल में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद मामले में एक नया मोड़ आया है। पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने इस नेटवर्क की एक और कड़ी को झारखंड से गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तार महिला की पहचान अर्पिता सरकार के रूप में हुई है, जो आतंकी संगठन से जुड़े संदिग्ध हमीम मंडल की करीबी सहयोगी बताई जा रही है।
STF ने अर्पिता सरकार को झारखंड के साहिबगंज जिले से शुक्रवार रात को स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, हमीम मंडल से पूछताछ के दौरान अर्पिता के साथ उसके कथित संबंधों का खुलासा हुआ था, जिसके बाद STF की एक टीम साहिबगंज भेजी गई और यह कार्रवाई की गई।
संदिग्ध हमीम मंडल और सुवेंदु अधिकारी कनेक्शन
इससे पहले, हमीम मंडल को शुक्रवार को ही पूर्वी बर्दवान जिले के बर्दवान शहर में एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के फ्लैट से पकड़ा गया था। तलाशी के दौरान STF को उसके पास से कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज मिले थे। इन दस्तावेजों में पश्चिम बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी के कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी थी, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वह किसी संभावित हमले का निशाना हो सकते थे। केंद्रीय खुफिया इनपुट के आधार पर भी अधिकारी की सुरक्षा की समय-समय पर समीक्षा की जाती रही है।
आतंकी नेटवर्क में 'हनी-ट्रैप' का एंगल
सूत्रों ने बताया कि अर्पिता सरकार की गिरफ्तारी के बाद STF अब इस मामले में 'हनी-ट्रैपिंग' के एंगल से भी जांच कर रही है। उसे शनिवार को कोलकाता की एक अदालत में पेश किया जाएगा, जहाँ पुलिस आगे की पूछताछ के लिए उसकी कस्टडी की मांग करेगी। वहीं, हमीम मंडल को एक निचली अदालत ने 14 दिनों की STF हिरासत में भेज दिया है।
जांच टीम को यह भी शक है कि हमीम मंडल के कश्मीर स्थित सज्जाद भट समूह से सीधे संबंध थे। गौरतलब है कि सज्जाद भट को 2019 के पुलवामा आतंकी हमले का मुख्य आरोपी माना जाता है। STF को अंदेशा है कि हमीम मंडल इस समूह से करीब से जुड़ा था।
इनपुट: IANS



