शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

सिडनी एयरपोर्ट पर सुरक्षा चिंता: दो हफ्तों में तीसरी घटना के बाद जांच शुरू

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी एयरपोर्ट पर हाल ही में विमानों के रनवे पर खतरनाक ढंग से आमने-सामने आने की घटनाओं ने सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ा दी हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलियाई…

सिडनी एयरपोर्ट पर सुरक्षा चिंता: दो हफ्तों में तीसरी घटना के बाद जांच शुरू
(फोटो: IANS)

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी एयरपोर्ट पर हाल ही में विमानों के रनवे पर खतरनाक ढंग से आमने-सामने आने की घटनाओं ने सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ा दी हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ऑस्ट्रेलियाई परिवहन सुरक्षा ब्यूरो (ATSB) ने 9 अगस्त को हुई एक घटना की जांच शुरू कर दी है, जिसमें दो विमानों के बीच टक्कर होते-होते बची। यह पिछले दो हफ्तों में एयरपोर्ट पर हुई इस तरह की तीसरी घटना है।

विज्ञापन

ताज़ा मामले में, रविवार 9 अगस्त को पर्थ जा रही वर्जिन ऑस्ट्रेलिया की फ्लाइट (VA 555) को उड़ान भरने की मंजूरी मिली थी। शिन्हुआ न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए एजेंसी ने बताया कि जैसे ही विमान के क्रू ने इंजन की ताकत बढ़ाई, उन्होंने देखा कि आयर्स रॉक जाने वाली क्वांटास की फ्लाइट (QF 728) उनके सामने रनवे पार कर रही थी। इसके बाद वर्जिन ऑस्ट्रेलिया के विमान को फौरन टेक-ऑफ रोकना पड़ा।

जांच और रिपोर्टिंग में देरी

ATSB के मुख्य कमिश्नर एंगस मिशेल ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन रेडियो को बताया कि इस घटना की जानकारी उनके विभाग को गुरुवार तक नहीं दी गई थी, जबकि यह रविवार को हुई थी। उन्होंने कहा, "हम अभी भी यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि हमें रिपोर्ट करने में असल में देरी क्यों हुई।"

मिशेल ने यह भी स्पष्ट किया कि, "असल में दोनों विमान एक-दूसरे के करीब शायद एक हजार मीटर की दूरी तक भी नहीं आए थे लेकिन इसके बावजूद ऐसा नहीं होना चाहिए था।" जांच के तहत, ATSB शामिल पक्षों से पूछताछ करेगा और डेटा की समीक्षा करेगा। क्वांटास क्रू ने बताया है कि उन्हें रनवे पार करने की अनुमति मिली हुई थी।

हाल की अन्य घटनाएं

यह घटना सिडनी एयरपोर्ट पर हाल के दिनों में हुई अकेली घटना नहीं है। इससे पहले 27 जुलाई को क्वांटासलिंक की एक फ्लाइट और क्वांटास के एक विमान के बीच भी टक्कर की स्थिति बन गई थी।

वहीं, एक अन्य घटना में रविवार को ही सुबह लगभग 7 बजे जेटस्टार ऑस्ट्रेलिया की एक फ्लाइट को इमरजेंसी ब्रेक लगाना पड़ा था। गोल्ड कोस्ट जा रही फ्लाइट (JQ 402) के पायलट ने टो (खींचकर ले जाए जा रहे) किए जा रहे कतर एयरवेज के एक खाली बोइंग 777 विमान से टकराने से बचने के लिए ऐसा किया। इस घटना में जेटस्टार के केबिन क्रू का एक सदस्य घायल हो गया था, हालांकि किसी यात्री को चोट नहीं आई थी।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →