बंगाल: दुर्गा पूजा में CPI(M) के बुक स्टॉल पर फिर हमला, झड़प में पुलिस अधिकारी घायल, BJP नेता गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के उत्सव के दौरान एक बार फिर राजनीतिक हिंसा की घटना सामने आई है। उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर में मंगलवार (नवमी) की रात CPI(M) द्वारा लगाए गए एक बुक स्टॉल पर हमला कर…
पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के उत्सव के दौरान एक बार फिर राजनीतिक हिंसा की घटना सामने आई है। उत्तर 24 परगना जिले के अशोकनगर में मंगलवार (नवमी) की रात CPI(M) द्वारा लगाए गए एक बुक स्टॉल पर हमला कर दिया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस सिलसिले में पुलिस ने एक स्थानीय भाजपा नेता को गिरफ्तार किया है और झड़प को नियंत्रित करने के प्रयास में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर भी घायल हो गए।
CPI(M) ने आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके बुक स्टॉल पर हमला किया, जिसमें पोस्टर और फ्लेक्स फाड़ दिए गए। इसके अलावा, पार्टी के मुखपत्र 'गणशक्ति' अखबार और अन्य पोस्टरों के लिए बने स्थायी बोर्ड को भी तोड़ दिया गया।
पुलिसकर्मी पर हमला और गिरफ्तारी
इस घटना के बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। मौके पर पहुंचे अशोकनगर पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर आशीष रॉय ने जब स्थिति को संभालने की कोशिश की, तो उन पर हमला कर दिया गया। उनके चेहरे पर चोट आई और खून बहने लगा, जिसके बाद उन्हें अशोकनगर स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पुलिस ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया है। कार्रवाई करते हुए अशोकनगर के एरिया नंबर 5 निवासी 45 वर्षीय भाजपा नेता बिस्वजीत नाग को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस घटना और पुलिसकर्मी पर हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
CPI(M) ने की निंदा
इस हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए अशोकनगर के पूर्व विधायक और CPI(M) नेता सत्यसेबी कर ने कहा, "किताबें लोगों को सही और गलत का फर्क सिखाती हैं। वे लोगों की आंखें खोलती हैं।" उन्होंने वैचारिक मतभेद होने पर हमला करने के बजाय अपना बुक स्टॉल लगाकर विचारों का मुकाबला करने की सलाह दी।
स्थानीय CPI(M) नेता श्यामला बोस ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा, "जो लोग बुक स्टॉल पर हमला कर रहे हैं, वे किताबों और ज्ञान के खिलाफ हैं।" यह पहली बार नहीं है जब राज्य में CPI(M) के बुक स्टॉलों को निशाना बनाया गया हो; इससे पहले कोलकाता और नदिया में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। IANS के मुताबिक, इस घटना और भाजपा नेता की गिरफ्तारी पर अभी तक भाजपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
इनपुट: IANS



