एयरपोर्ट विस्तार के लिए अदाणी ने जुटाए 300 मिलियन डॉलर, 360 वन एसेट ने किया निवेश
भारत के सबसे बड़े निजी एयरपोर्ट ऑपरेटर, अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) ने अपने विकास और विस्तार योजनाओं के लिए एक और बड़ी पूंजी जुटाई है। कंपनी ने वेल्थ एवं एसेट मैनेजमेंट फर्म 360 वन एसेट…
भारत के सबसे बड़े निजी एयरपोर्ट ऑपरेटर, अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) ने अपने विकास और विस्तार योजनाओं के लिए एक और बड़ी पूंजी जुटाई है। कंपनी ने वेल्थ एवं एसेट मैनेजमेंट फर्म 360 वन एसेट से 2,790 करोड़ रुपए (300 मिलियन डॉलर) का निवेश हासिल किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस नए निवेश के साथ ही अदाणी एयरपोर्ट्स ने अब तक कुल 1.35 अरब डॉलर की इक्विटी पूंजी जुटा ली है।
यह निवेश उस 9,825 करोड़ रुपए (1 अरब डॉलर) के पिछले निवेश दौर के बाद आया है, जिसमें अल्फा वेव ग्लोबल, प्रेमजी इन्वेस्ट, टेमासेक और ब्लैक रॉक जैसे कई बड़े वैश्विक और घरेलू निवेशकों ने हिस्सा लिया था। AAHL, जो अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) की एक सहायक कंपनी है, ने कहा है कि यह भारत के एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में वित्तीय संस्थानों द्वारा किए गए सबसे बड़े प्राथमिक इक्विटी निवेशों में से एक है।
एयरपोर्ट सिटी इकोसिस्टम पर ज़ोर
अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स के नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर जीत अदाणी ने इस साझेदारी को प्लेटफॉर्म के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा, "ऐसे प्रतिष्ठित और दीर्घकालिक निवेशकों की भागीदारी भारत की विमानन विकास कहानी पर उनके भरोसे को दर्शाती है।" जीत अदाणी ने कंपनी के विज़न को स्पष्ट करते हुए कहा, "हम अपने हवाई अड्डों को केवल ट्रांजिट हब के रूप में नहीं, बल्कि ऐसे एयरपोर्ट सिटी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जहां विमानन, वाणिज्य, मनोरंजन और क्षेत्रीय लॉजिस्टिक्स का एकीकृत इकोसिस्टम तैयार हो।"
निवेश की संरचना और हिस्सेदारी
इस सौदे के तहत, 360 वन एसेट ने एक शेयर सब्सक्रिप्शन समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके अनुसार, वह अदाणी एयरपोर्ट्स के नए इक्विटी शेयर उसी मूल्यांकन और शर्तों पर खरीदेगी, जिन पर शुरुआती निवेशकों ने निवेश किया था। इस निवेश से कंपनी का प्री-मनी इक्विटी मूल्यांकन लगभग 18 अरब डॉलर आंका गया है। दोनों निवेश दौर पूरे होने के बाद, सभी निवेशकों के पास सामूहिक रूप से कंपनी की लगभग 7.01 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।
पूंजी का इस्तेमाल और भविष्य की योजना
कंपनी के मुताबिक, इस जुटाई गई पूंजी का इस्तेमाल तीन प्रमुख रणनीतिक प्राथमिकताओं पर किया जाएगा। इसमें एयरपोर्ट नेटवर्क का आधुनिकीकरण, यात्री क्षमता का विस्तार, और दीर्घकालिक विमानन व अवसंरचना परिसंपत्तियों का विकास शामिल है। अदाणी एयरपोर्ट्स का लक्ष्य अपनी मौजूदा 9.6 करोड़ यात्रियों की वार्षिक क्षमता को दोगुना करते हुए 20 करोड़ यात्रियों तक पहुंचाना है, जिसके लिए पूरे एयरपोर्ट नेटवर्क में बड़े पैमाने पर अपग्रेडेशन कार्यक्रम शुरू किए गए हैं।
इनपुट: IANS



