पश्चिम बंगाल: छात्रा से रेप-हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, सीन रीक्रिएशन के दौरान छीनी थी बंदूक
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक नाबालिग छात्रा से बलात्कार और फिर उसकी हत्या के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई है। यह घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात उस समय हुई, जब पुलिस…
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक नाबालिग छात्रा से बलात्कार और फिर उसकी हत्या के आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई है। यह घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात उस समय हुई, जब पुलिस आरोपी को जांच के सिलसिले में घटनास्थल पर ले गई थी। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, इस दौरान एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी प्रहलाद दास को 'क्राइम सीन रीक्रिएशन' के लिए गाइघाटा इलाके में उसी जगह ले जाया गया था, जहाँ अपराध हुआ था। आरोप है कि वहाँ पहुँचते ही प्रहलाद ने एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीन ली और गोली चला दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत पास के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
क्या था पूरा मामला?
यह मामला 17 वर्षीय छात्रा के अपहरण, बलात्कार और हत्या से जुड़ा है। रिपोर्ट के अनुसार, लड़की शनिवार रात अपने परिवार और दोस्तों के साथ घर के पास एक संगीत कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। देर रात तक चले इस कार्यक्रम के दौरान, आधी रात के करीब उसे एक फोन आया, जिसके बाद वह वहाँ से चली गई और फिर वापस नहीं लौटी।
कार्यक्रम समाप्त होने पर जब परिवार ने उसकी तलाश शुरू की तो वह कहीं नहीं मिली। अगली सुबह, यानी रविवार को, उसका शव एक घर के पीछे से बरामद किया गया। इसके बाद, मृतका के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर पुलिस ने प्रहलाद दास को गिरफ्तार कर लिया था और मामले की जाँच कर रही थी।
इनपुट: IANS



